'बजरंगी के यार' बनेंगे रवि किशन
फिल्म 'मेरे यार बजरंगी' का एलान इस दिवाली से पहले किया गया है। मगर, यह रिलीज अगले साल दिवाली पर होगी। रवि किशन परदे पर 'बजरंगी के यार' बनकर दर्शकों के बीच पहुंचने वाले हैं। यह फिल्म दिवाली 2027 में रिलीज होगी। इस भक्ति ड्रामा फिल्म को महावीर जैन फिल्म्स प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिलहाल तो फिल्म के पोस्टर ने पर्याप्त दिलचस्पी पैदा कर दी है।
पोस्टर में दिखी दिव्य झलक
पोस्टर में रवि किशन एक दमदार, लेकिन सादगी भरे अवतार में हैं। पोस्टर में उनका चेहरा नहीं नजर आ रहा है, सिर्फ मुट्ठी बांधने की सिंबॉलिक इमेज भी है। एक हाथ रुद्राक्ष और रक्षा सूत्र पहने शख्स का है। वहीं दूसरा हाथ बजरंग बली का है, जो श्री राम नाम का पटका और रुद्राक्ष की माला पहने हुए हैं। दोनों को एक दिव्य चिंगारी जोड़ती है, जो फिल्म की टैगलाइन, ‘दोस्ती हो तो ऐसी’ को दिखाती है।
भगवान और भक्त के रिश्ते पर बनी है फिल्म
यह फिल्म एक आम आदमी की बजरंग बली से दोस्ती पर आधारित है। यह एक पर्सनल रिश्ते के नजरिए से आस्था को दिखाती है। प्रोजेक्ट से जुड़े एक सोर्स ने कहा, 'यह सिर्फ एक धार्मिक फिल्म नहीं है। यह एक भक्त और भगवान के बीच के रिश्ते के बारे में है। आज के समय में, जब हर कोई एक सच्चे दोस्त की तलाश में है, तो क्या होगा अगर बजरंग बली खुद आपके यार बन जाएं? यही इस फिल्म के पीछे की भावना है'। फिलहाल पोस्टर को सकारात्मक रिएक्शन मिल रहे हैं।