हादसे में पांच लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। दरोटी में हुए सड़क हादसे ने पूरे टिक्कर क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है। हादसे में जान गंवाने वाले दरोटी निवासी 29 वर्षीय कुशल शौक्टा और उनकी 49 वर्षीय मां कल्पना शौक्टा का शनिवार को एकसाथ अंतिम संस्कार किया गया। मां-बेटे की एकसाथ अर्थी उठी और अंतिम विदाई का दृश्य देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में कुछ समय पहले तक खुशियां और अपनों की चहल-पहल थी, वहां अब अपनों को खोने का गम है।
विज्ञापन
हादसे में कुशल शौक्टा और उनकी मां कल्पना शौक्टा के अलावा नेपाल निवासी 22 वर्षीय मीना, उनकी सात वर्षीय बेटी रोशनी और 21 वर्षीय निर्मला की भी मौत हुई है। तीनों लोग नेपाली मूल के मजदूर थे। हादसे में घायल नेपाल निवासी प्रेम ने अपनी पत्नी मीना और मासूम बेटी रोशनी को खो दिया है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से प्रेम के परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हादसे में पांच लोगों की मौत ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। स्थानीय लोगों ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। प्रेम को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया है।