झारखंड की राजधानी रांची में नवंबर की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शहर में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे नीचे गिरेगा, जिससे सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ेगा। वहीं 6 नवंबर से राजधानी और आसपास के इलाकों में सुबह के समय कोहरा और धुंध छाने के आसार हैं।
ये भी पढ़ें-
10 साल बाद जेटेट परीक्षा आज, 986 केंद्रों पर अभ्यर्थियों की कतार; रांची में बनाए गए 101 परीक्षा केंद्र
तापमान और बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को रांची के आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग ने फिलहाल शहर के लिए किसी तरह की मौसम चेतावनी जारी नहीं की है। रविवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिन में मौसम अपेक्षाकृत गर्म रहेगा, जबकि रात के समय ठंडक महसूस होगी। इससे पहले 31 अक्तूबर की सुबह 8:30 बजे तक बीते 24 घंटों के दौरान शहर में बारिश नहीं हुई। इस अवधि में अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा।
आने वाले दिनों की स्थिति
मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार 2 नवंबर को भी रांची में सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान एक या दो दौर की बारिश और बौछारें पड़ सकती हैं। इस दिन अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके बाद 3 नवंबर को न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी और पारा 18 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है। वहीं 4 और 5 नवंबर को भी रात का न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। तापमान में इस कमी के कारण आने वाले दिनों में सुबह और रात की ठंड में लगातार बढ़ोतरी होगी।
आम लोगों के लिए सलाह
6 नवंबर से मौसम मुख्य रूप से साफ हो जाएगा, लेकिन सुबह के समय घना कोहरा या धुंध छाने की पूरी संभावना है। मौसम के इस बदलते मिजाज के बीच दोपहर के बाद घर से बाहर निकलने वाले लोगों को खुले स्थानों पर सतर्कता बरतनी चाहिए। आसमान में बिजली कड़कने या अचानक बारिश होने की स्थिति में लोग सुरक्षित स्थानों पर ही शरण लें। यद्यपि मौसम विभाग ने कोई गंभीर अलर्ट जारी नहीं किया है, फिर भी बाहर निकलने वाले नागरिकों को आसमान की स्थिति पर नजर रखनी चाहिए।