मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) कांठ रोड स्थित आशियाना परिसर में उपाध्यक्ष समेत अधिकारियों के आवास नीलाम करने की तैयारी कर रहा है। उपाध्यक्ष आवास की शुरुआती कीमत 24 करोड़ रुपये तय की गई है। दिवाली के बाद अधिकारी दिल्ली रोड स्थित नए कार्यालय और आवासीय परिसर में शिफ्ट होंगे।
एमडीए अपनी कांठ रोड स्थित आशियाना परिसर की संपत्तियों को बेचने की तैयारी में है। इसमें उपाध्यक्ष का आवास भी शामिल है। करीब तीन हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बने इस आवास की शुरुआती कीमत 24 करोड़ रुपये तय की गई है। इसके अलावा सचिव, मुख्य अभियंता और अवर अभियंताओं के आवास भी नीलाम किए जाएंगे।
विज्ञापन
प्राधिकरण ने दिल्ली रोड स्थित नया मुरादाबाद में अपना नया कार्यालय और अधिकारियों के आवास तैयार करा लिए हैं। दिवाली के बाद अधिकारियों को नए परिसर में स्थानांतरित करने की तैयारी है। आशियाना में अधिकारियों के आवास खाली होने के बाद इनकी बिक्री की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
एमडीए की इस योजना का उद्देश्य पुरानी संपत्तियों का निस्तारण कर उनका उपयोग दूसरे विकास कार्यों के लिए करना है। आवासीय संपत्तियों की बिक्री के लिए ट्रांजेक्शन एडवाइजरी एजेंसी के चयन का टेंडर भी जारी किया गया है। उधर, कांठ रोड स्थित एमडीए का पुराना कार्यालय अब भी खरीदार की राह देख रहा है।
विज्ञापन
करीब एक एकड़ जमीन पर बने तीन मंजिला भवन की कीमत लगभग 100 करोड़ रुपये आंकी गई है। चार साल से इसे बेचने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन इतनी बड़ी रकम खर्च करने के लिए खरीदार सामने नहीं आया। भवन खाली रहने से उसके रखरखाव और भविष्य में जर्जर होने की आशंका भी है।
ऐसे में प्राधिकरण अब इस जमीन पर अपार्टमेंट विकसित करने के विकल्प पर भी विचार कर रहा है। एमडीए वीसी अनुभव सिंह ने बताया कि तय प्रक्रिया के तहत पुरानी संपत्तियों की नीलामी की जाएगी। दिवाली के बाद सभी अधिकारी व कर्मचारी दिल्ली रोड स्थित आवासीय परिसर में शिफ्ट होंगे।