बिहार: सात हजार रुपये रिश्वत लेते दो अमीन गिरफ्तार, निगरानी विभाग ने एपीआर मॉल के पास बिछाया था जाल
गयाजी में जमीन की मापी रिपोर्ट देने के बदले 7 हजार रुपये रिश्वत मांगने वाले दो अमीनों को निगरानी विभाग ने गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता रोहित कुमार की शिकायत पर एपीआर मॉल के पास जाल बिछाकर कार्रवाई की गई।
विस्तार
गयाजी में जमीन की मापी के बाद रिपोर्ट देने के बदले रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। दो अमीनों ने एक आवेदक से रिपोर्ट उपलब्ध कराने के एवज में 7 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने जाल बिछाया और एपीआर मॉल के पास दोनों को रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
मापी रिपोर्ट देने के बदले मांगे थे 7 हजार रुपये
गयाजी में जमीन से जुड़े सरकारी कामकाज में रिश्वत मांगने का एक और मामला सामने आया है। जमीन की मापी के बाद रिपोर्ट उपलब्ध कराने के बदले दो अमीनों ने आवेदक से 7 हजार रुपये की मांग की थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर आवेदक रोहित कुमार ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की। शिकायत मिलने के बाद विभाग ने मामले का सत्यापन कराया और आरोपियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई की योजना बनाई।
एपीआर मॉल के पास बिछाया जाल
निगरानी विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए गया शहर के एपीआर मॉल के पास जाल बिछाया। जैसे ही दोनों अमीन रिश्वत की रकम लेने पहुंचे, टीम ने उन्हें पकड़ लिया। दोनों के पास से रिश्वत के रूप में मांगी गई 7 हजार रुपये की राशि बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक कुमार और दीपू कुमार के रूप में हुई है। दोनों अमीन के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं।
निगरानी विभाग के डीएसपी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि रोहित कुमार ने जमीन की मापी के लिए आवेदन दिया था। मापी रिपोर्ट देने के बदले उनसे 7 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। इसके बाद उन्होंने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। विभाग आरोपियों से पूछताछ कर रहा है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।