न्यूज डायरी: सड़क हादसे में आरएसएस नेता की मौत; कांग्रेस नेता एचके पाटिल की मांग- CEC ज्ञानेश कुमार पद छोड़ें
कर्नाटक में अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के पर्यवेक्षक एचके पाटिल ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने चुनाव आयोग के कामकाज में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। पाटिल ने कहा कि विभिन्न राज्यों से मतदाता सूची में संशोधन को लेकर गंभीर शिकायतें मिली हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं को बिना उचित सत्यापन के सूची से बाहर कर दिया गया है। पाटिल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ रहे हैं। इस लड़ाई के तहत 1 नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी में 10 लाख लोगों की एक बड़ी जनसभा आयोजित होगी। इसमें राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल जैसे नेता शामिल होंगे। पाटिल ने रविवार को मतदाता सूची के डिजिटल प्रणाली में पारदर्शिता और पात्र मतदाताओं के नाम बहाल करने की भी मांग की।
भरूच की जामा मस्जिद में जैन तीर्थंकर की मूर्ति मिलने का दावा, गुजरात हाईकोर्ट ने जारी किए नोटिस
गुजरात हाईकोर्ट ने सोमवार को एक याचिका पर सुनवाई की। इसमें दावा किया गया है कि भरूच की जामा मस्जिद पहले जैन धर्म का धार्मिक स्थल थी। याचिका में इसके अंदर पूजा करने की अनुमति भी मांगी गई है। हाईकोर्ट ने इस मामले में राज्य सरकार, केंद्र सरकार, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और भरूच की जामा मस्जिद के प्रबंधन से जवाब मांगा है।
याचिका में अदालत से जामा मस्जिद को 'अश्वबोध तीर्थ शाकुनिका विहार' घोषित करने का निर्देश देने की मांग की गई है। याचिका के अनुसार, यह मस्जिद 14वीं सदी की है और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की केंद्र संरक्षित स्मारकों की सूची में शामिल है। याचिका में भगवान मल्लिनाथ की मूर्ति की पूजा करने की अनुमति देने की भी मांग की गई है। भगवान मल्लिनाथ जैन धर्म के 19वें तीर्थंकर हैं। दावा किया गया है कि उनकी मूर्ति स्मारक के अंदर मिली थी।
याचिका में अंतरिम आदेश देने का अनुरोध भी की गई है। इसमें कहा गया है कि स्मारक में कथित तौर पर मौजूद जैन धर्म से जुड़े पूजा स्थलों के चिह्नों, प्रतीकों, पुरावशेषों, मूर्तियों और अन्य अहम धार्मिक स्थलों को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें सील किया जाए। न्यायमूर्ति देवन एम देसाई की एकल पीठ ने गुजरात सरकार, केंद्र सरकार, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, भरूच के जिलाधिकारी और जामा मस्जिद के प्रबंधन को नोटिस जारी किए। अदालत ने इन सभी से 2 नवंबर तक जवाब मांगा है।
काला जादू के शक में हत्या, ओझा सहित 4 गिरफ्तार
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में काला जादू के शक में एक 46 वर्षीय महिला की हत्या के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार लोगों में एक ओझा भी है। चाईबासा सदर एसडीपीओ बाहमन टूटी ने बताया, शनिवार सुबह पुलिस को काराकेला थाना क्षेत्र के कोलजोमरो गांव में घटना की सूचना मिली। वहां रेंदाई सुंभुरुई का खून से लथपथ शव मिला। शुक्रवार देर रात चार आरोपी उसके घर में घुसकर सो रही रेंदाई को पीटकर गला घोंट दिए। मृतका के पति की शिकायत पर बीएनएस व डायन प्रथा रोकथाम अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ। पुलिस ने जोनुआ गांव के निवासी बुधु होनहागा, मार्टिन डिकी, मार्टुस होनहागा और मधुसूदन होनहागा को गिरफ्तार किया है।
तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले में एक ऐतिहासिक सामाजिक सुधार देखने को मिला है, जहां मद्रास हाईकोर्ट के आदेश और जिला प्रशासन की पहल के बाद 42 साल के लंबे इंतजार के बाद एक मंदिर का रथ दलित बस्ती में दाखिल हुआ। कांचीपुरम जिले के वालाजाबाद के पास स्थित पुथागरम गांव में 'अरुलमिगु श्री मुथु कोलाक्की अम्मन मंदिर' का वार्षिक रथ उत्सव होता है। स्थानीय दलित बस्ती के निवासियों ने मांग की थी कि मंदिर का रथ उनके इलाके से भी गुजरना चाहिए। हालांकि, गांव के एक अन्य वर्ग ने इसका विरोध किया, जिससे रथ के मार्ग को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इससे संबंधित याचिका पर मद्रास उच्च न्यायालय ने आदेश दिया कि मंदिर का रथ अनिवार्य रूप से दलित बस्ती में प्रवेश करेगा। आदेश के बावजूद लंबे समय से यह रथ यात्रा रुकी हुई थी। इस बीच जिला प्रशासन के निर्देशों पर रविवार को इस मार्ग पर रथ का ट्रायल रन (परीक्षण) हुआ।
टाइगर इन द मूनलाइट जैसी पेंटिंग से आपातकाल की विभीषिका को दिखाने वाले प्रख्यात चित्रकार और पूर्व राज्यसभा सांसद जोगेन चौधरी का रविवार को 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। 1939 में अविभाजित बंगाल के फरीदपुर में जन्मे चौधरी पिछले 14 महीनों से दुर्लभ रक्त कैंसर से जूझ रहे थे। कोलकाता के रूबी जनरल अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार सुबह 10:15 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। अस्पताल के अनुसार, चौधरी को 16 अक्तूबर को भर्ती कराया गया था।
इसरो प्रमुख वी. नारायणन ने घोषणा की है कि भारत 2029 तक चार कार्यशील लॉन्चपैड के साथ अपने अंतरिक्ष अभियानों का बड़ा विस्तार करेगा। वर्तमान में इसरो के पास श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में दो सक्रिय लॉन्च पैड हैं। श्रीहरिकोटा में तीसरा लॉन्च पैड बनाया जाएगा और तमिलनाडु के कुलशेखरपट्टिनम में एक नया लॉन्च कॉम्प्लेक्स (स्पेसपोर्ट) तैयार किया जा रहा है। इसरो प्रमुख ने साफ किया कि हजारों हाई-टेक नौकरियां पैदा करने के लिए स्पेस स्टार्टअप्स के साथ भागीदारी को मजबूती दी जाएगी।
केरलम के कोच्चि में शनिवार देर रात एक मर्सिडीज-बेंज कार ने स्कूटर को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटर सवार (54) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस एडिशनल सेशन जज का नाबालिग बेटा (17) चला रहा था। कार जज के नाम पर पंजीकृत थी। हादसा रात 2 से 3 बजे के बीच हुआ। वहीं पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस थाने में जब उन्होंने नाबालिग को कार चलाने देने पर सवाल उठाया, तो जज ने प्रायश्चित की बजाय उन पर धौंस जमाते हुए बदतमीजी की।
सत्यजित रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एसआरएफटीआई) के प्रदर्शनकारी छात्रों ने रविवार को दावा किया कि जिस एकमात्र कक्षा का उपयोग वे इंटरनेट और कार्यस्थल की सुविधाओं के लिए कर रहे थे, उसकी बिजली काट दी गई है। उन्होंने प्रशासन पर उनके आंदोलन को समाप्त करने के लिए दबाव बढ़ाने और दंडात्मक उपायों को तेज करने का गंभीर आरोप लगाया है। दूसरी ओर, संस्थान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने छात्रों के इन दावों को सरासर झूठ बताया। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इंटरनेट का संबंध नहीं काटा गया है और छात्र दिनभर परिसर से अपनी गतिविधियों तथा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का सीधा प्रसारण (लाइव-स्ट्रीमिंग) कर रहे थे। यह पूरा विवाद परिसर की सुरक्षा, हिंसक घटनाओं की जवाबदेही और नियमों का पालन न करने के आरोप में आंदोलनरत छात्रों के खिलाफ की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई को लेकर दोनों पक्षों के बीच चल रहे गतिरोध के दौरान सामने आया है।
भारत-कनाडा के बीच प्रवास और आवाजाही पर पहली अहम बैठक
भारत और कनाडा ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रवास और आवाजाही से जुड़ी पहली अहम वार्ता की। इसमें दोनों देशों के बीच लोगों के आपसी संबंध मजबूत करने और छात्रों, कुशल कामगारों, पेशेवरों तथा कारोबारियों के लिए आवाजाही के रास्ते आसान बनाने पर चर्चा हुई।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस वार्ता की सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय में सचिव (सीपीवी एवं ओआईए) श्रीप्रिया रंगनाथन और कनाडा के आव्रजन, शरणार्थी एवं नागरिकता विभाग के उपमंत्री टेड गैलिवन ने की। इस दौरान दोनों पक्षों ने वार्ता के नियमों और कार्यक्षेत्र से जुड़े दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत के युवा और कुशल कामगारों तथा कनाडा की श्रम बाजार संबंधी जरूरतों के बीच स्वाभाविक तालमेल है। ऐसे में आवाजाही की बेहतर व्यवस्था दोनों देशों के संबंधों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकती है। इस वार्ता को हर साल आयोजित किया जाएगा। इसके लिए प्रवास और आवाजाही पर एक संयुक्त कार्य समूह भी बनाया जाएगा। दोनों देशों ने अगली बैठक कनाडा में आपसी सहमति से तय तारीख पर करने का फैसला किया।