पीछे मुड़कर देखने पर समझ आता है कि जीवन की कठिन राहों ने ही हमें वह बनाया, जो हम आज हैं। वृद्धावस्था में व्यक्ति भविष्य की अनिश्चित योजनाओं के बजाय वर्तमान के छोटे-छोटे सुखों को अधिक महत्व देने लगता है। उम्र बढ़ने के साथ स्वभाव में भी बदलाव आता है। जो व्यक्ति कभी छोटी-छोटी बातों पर उत्तेजित हो जाता था, वह धीरे-धीरे शांत रहना और परिस्थितियों को सहजता से स्वीकार करना सीख जाता है। क्रोध, अधीरता और हर बात पर प्रतिक्रिया देने की प्रवृत्ति कम होने लगती है।
मनुष्य समझने लगता है कि हर परिस्थिति को अपने अनुसार बदलना संभव नहीं है, लेकिन अपने व्यवहार और दृष्टिकोण को जरूर बदला जा सकता है।
यही समझ उसे मानसिक शांति और संतुलन देती है। वृद्धावस्था को केवल जीवन की ढलती शाम के रूप में नहीं देखना चाहिए। यह वह समय भी है, जब मनुष्य अपने अनुभवों और आत्मिक शक्ति के सहारे जीवन को अधिक व्यापक दृष्टि से समझ पाता है। जैसे वृक्ष पतझड़ में अपने पत्ते खोने के बाद भी अपनी जड़ों में जीवन संजोए रखता है, वैसे ही उम्र बढ़ने के साथ शरीर कमजोर होने पर भी मनुष्य के भीतर प्रेम, उत्साह और आशा की लौ जलती रह सकती है। वास्तव में, उम्र का बढ़ना जीवन की सुंदरता का कम होना नहीं, बल्कि उसका एक नए रूप में परिपक्व होना है।