लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं। विभिन्न विचारधाराओं, नीतियों व दृष्टिकोणों के बीच प्रतिस्पर्धा लोकतंत्र को जीवंत बनाती है। सांविधानिक नैतिकता का एक महत्वपूर्ण पक्ष असहमति के प्रति सम्मान है। असहमति के स्वर नीतियों की समीक्षा, प्रशासनिक सुधार और नए विचारों के विकास में सहायक होते हैं। डॉ. आंबेडकर ने भी लोकतंत्र को बनाए रखने के लिए सांविधानिक तरीकों के महत्व पर बल दिया था, जो आज भी सार्वजनिक जीवन के लिए मार्गदर्शक हैं। वर्तमान समय में सोशल मीडिया व डिजिटल संचार के विस्तार ने सांविधानिक नैतिकता के सामने एक नया आयाम प्रस्तुत किया है। सूचना का तीव्र प्रवाह, कृत्रिम बुद्धिमत्ता व भ्रामक सामग्री सार्वजनिक विमर्श को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं। ऐसे समय में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ सत्यनिष्ठा, तथ्यपरकता व सामाजिक उत्तरदायित्व भी आवश्यक हैं। सांविधानिक नैतिकता का विस्तार नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों के पालन से भी जुड़ा हुआ है। अधिकार नागरिक को स्वतंत्रता प्रदान करते हैं और कर्तव्य उस स्वतंत्रता को सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ते हैं। सांविधानिक शिक्षा का विस्तार व लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास तथा सार्वजनिक संस्थाओं के माध्यम से नागरिक जागरूकता बढ़ाना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकते हैं। सांविधानिक नैतिकता का संरक्षण किसी एक संस्था या वर्ग की जिम्मेदारी नहीं है। राष्ट्रपति से लेकर सामान्य नागरिक तक, प्रत्येक की भूमिका इस व्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण है। संविधान की आत्मा उसकी नैतिकता में निवास करती है। संविधान की प्रतिष्ठा तब और अधिक बढ़ती है, जब सत्ता में बैठे लोग अपने अधिकारों के साथ अपने दायित्वों का भी स्मरण रखें, संस्थाएं अपनी मर्यादा व स्वतंत्रता का सम्मान करें तथा नागरिक अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहें।