डाइट गुरुग्राम की युवा संसद प्रतियोगिता : छात्रों ने संसद की कार्यप्रणाली से रखे अपने विचार
नंबर गेम - 23 से 28 अक्तूबर तक आयोजित की गईं प्रतियोगिताएं
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। फर्रुखनगर स्थित राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा नौवीं से 12वीं तक के 50 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। युवा सांसदों ने महिला सुरक्षा, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और सरकारी संस्थाओं के दुरुपयोग जैसे मुद्दों को उठाया। विद्यार्थियों ने संसद की कार्यप्रणाली के माध्यम से इन समस्याओं पर अपने विचार रखे।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) गुरुग्राम की ओर से आयोजित प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय कार्यप्रणाली और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम डाइट प्रिंसिपल एवं जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमिता रांगी के नेतृत्व में और वरिष्ठ प्रवक्ता अरुण कुमार राघव के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में डाइट के वरिष्ठ प्रवक्ता अरुण कुमार राघव, राम किशन वत्स, कार्यक्रम ऑब्जर्वर कनिका भारद्वाज, विद्यालय की प्रधानाचार्य गीतिका शर्मा और प्रवक्ता नवीन कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में राजनीति विज्ञान की प्रवक्ता अवधेश, शशि यादव और कृष्ण पाल शामिल रहे।
जिला युवा संसद प्रतियोगिता के तहत 23 से 28 अक्तूबर तक जिले के विभिन्न खंडों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें करीब 200 विद्यार्थियों और 20 शिक्षकों ने भाग लिया। जिला स्तर पर विजेता टीम की घोषणा डाइट गुरुग्राम की ओर से जल्द की जाएगी। विजेता टीम आगामी प्रतियोगिता में गुरुग्राम जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
राष्ट्र निर्माण पर हुई चर्चा
गुरुग्राम। स्टारेक्स विश्वविद्यालय में बुधवार को मेरा युवा भारत (माय भारत) की ओर से विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में युवा आइकन लवीशा अरोड़ा ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं, एथलीट गौरव पुंडीर ने खेल, अनुशासन और समर्पण का महत्व बताया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान देने का संकल्प लिया। संवाद