करण जौहर के निर्देशन में बनी 'ऐ दिल है मुश्किल' एक म्यूजिकल रोमांटिक ड्रामा फिल्म है। दिवाली के मौके पर यह फिल्म 28 अक्तूबर 2016 को सिनेमाघरों में लगी थी। फिल्म की रिलीज को दस साल पूरे हो गए हैं। 'ऐ दिल है मुश्किल' की रिलीज के वक्त काफी विवाद हुआ था। दरअसल, इस फिल्म को 18 सितंबर 2016 को हुए उरी हमले के बाद रिलीज किया गया। इसमें करण जौहर ने पाकिस्तानी कलाकारों को भी लिया था। ऐसे में फिल्म को लेकर गुस्सा था। रिलीज पर विरोध भी हुआ। करण जौहर को आखिरी वक्त में कई बदलाव करने पड़े थे। जानिए इस फिल्म से जुड़े किस्से...
ऐश्वर्या राय, शाहरुख खान
- फोटो : सोशल मीडिया
14 साल बाद साथ आए थे शाहरुख-ऐश्वर्या
यह छठी फिल्म है, जिसमें शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय बच्चन ने साथ काम किया है। इसमें शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय बच्चन ने 14 साल बाद साथ काम किया। इससे पहले उन्हें देवदास (2002) में साथ देखा गया था। वहीं, फिल्म में करण जौहर और शाहरुख खान ने करीब छह साल बाद साथ काम किया। हालांकि, शाहरुख खान सिर्फ फिल्म में कैमियो रोल में थे। मगर, इस तरह से भी वे करीब छह साल बाद करण जौहर के साथ आए। इससे पहले दोनों ने फिल्म 'माई नेम इज खान' में साथ काम किया था।
अबीर गुलाल-ऐ दिल है मुश्किल
- फोटो : एक्स
सैफ अली खान करने वाले थे काम
पहले सैफ अली खान को ताहिर तलियार खान का रोल निभाना था। मगर, चोट लगने की वजह से उन्होंने कदम पीछे कर लिए। फिर, उनकी जगह शाहरुख खान को ले लिया गया। फिल्म में, 'गाता रहे मेरा दिल' गाने की एक लाइन रणबीर कपूर ने खुद गाई है। उन्होंने कहा, 'मैंने बहुत बुरा गाया है'।
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कितना रहा?
बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म का खूब जादू चला था। यह हिट रही थी। इस फिल्म के बॉक्स ऑफिस की बात करें तो 'ऐ दिल है मुश्किल' को 70 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया था। इसने 113.19 करोड़ रुपये की कमाई की थी और हिट साबित हुई। 62वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में इस फिल्म को नौ नॉमिनेशन मिले थे। इसमें जौहर के लिए बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड भी शामिल था और इसके साउंडट्रैक के लिए चार अवॉर्ड जीते।
ऐ दिल है मुश्किल
- फोटो : सोशल मीडिया
ऐश्वर्या और अनुष्का के किरदार थे पाकिस्तानी
इस फिल्म में अनुष्का शर्मा और ऐश्वर्या राय के मुस्लिम किरदार थे। असल में उन्हें पाकिस्तानी दिखाया जाना था। मगर, उरी हमले के बाद देश में गुस्सा था। फिर, ऊपर से इसमें पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान को लेने को लेकर विवाद ने जोर पकड़ा। इसके बाद करण जौहर ने परेशानी से बचने के लिए ऐश्वर्या और अनुष्का के किरदारों को भारतीय मुस्लिम गर्ल्स के रूप में दिखाया।
ऐ दिल है मुश्किल
- फोटो : साभार@IMDb
रिलीज पर हुआ था हंगामा
इस फिल्म की रिलीज पर भी विवाद हुआ था। कुछ राजनीतिक दल फिल्म की रिलीज के खिलाफ थे। इसकी वजह फिल्म में फवाद खान और इमरान अब्बास जैसे पाकिस्तानी कलाकारों की मौजूदगी थी। 18 सितंबर 2016 को क्योंकि उरी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था। फिल्म में पाकिस्तानी एक्टर्स को लेने पर करण जौहर को 'देशद्रोही' कहा जाने लगा था।
करण जौहर पर बनाया गया था यह दवाब
करण जौहर पर कई राजनीतिक दलों की तरफ से फवाद खान की भूमिका को एडिट करने या किसी अन्य के साथ फिर से शूट करने का दबाव डाला गया था। करण जौहर ने कहा कि फवाद खान के किरदार को बदलना मुश्किल है, क्योंकि फिल्म दिवाली पर रिलीज होने वाली थी। यह रिलीज डेट उरी आतंकवादी हमले के कुछ दिनों बाद थी। यह भी कहा गया था कि फवाद खान के किरदार पर सैफ अली खान का चेहरा एडिट किया जाएगा, लेकिन इसमें समय लगेगा और रिलीज की तारीख आगे बढ़ जाएगी। आखिरकार करण जौहर और राजनेताओं के बीच एक समझौता हुआ, जब उन्होंने कहा कि वे अब से किसी भी पाकिस्तानी कलाकार के साथ काम नहीं करेंगे।
फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किल'
- फोटो : X
करण जौहर ने सफाई पेश कर क्या कहा था?
फिल्म में पाकिस्तानी कलाकारों की मौजूदगी पर जब हंगामा हुआ तो करण जौहर ने सफाई पेश की थी। उन्होंने एक वीडियो मैसेज जारी कर कहा था, 'मुझे दुख होता है जब कुछ लोग मुझे देशद्रोही कहते हैं। मगर मेरे लिए देश सबसे पहले है, बाकी सब बाद में। जब हम फिल्म की शूटिंग कर रहे थे, तब हालात पूरी तरह अलग थे। उस वक्त सरकार भी पड़ोसी देश से बातचीत कर रही थी और संबंध सुधारने की दिशा में काम कर रही थी'।
करण जौहर ने कहा था, 'देश के मौजूदा हालातों और लोगों की भावनाओं की मैं कद्र करता हूं और विश्वास दिलाता हूं कि भविष्य में पड़ोसी देश (पाकिस्तान) के किसी कलाकार के साथ काम नहीं करूंगा। लेकिन मैं साथ ही ये भी कहना चाहूंगा कि पाक कलाकारों के अलावा 300 भारतीय लोगों ने भी 'ऐ दिल है मुश्किल' में अपना खून पसीना झोंका है और मुझे नहीं लगता कि ये उन बाकी लोगों के काम के साथ इंसाफ होगा'।
ऐ दिल है मुश्किल
- फोटो : साभार@IMDb
मोहम्मद रफी के परिवार ने क्यों जताई थी नाराजगी?
फिल्म रिलीज होने के बाद एक डायलॉग की वजह से विवादों में आ गई थी। इसमें मशहूर सिंगर मोहम्मद रफी का कथित तौर पर अपमान किया गया था। फिल्म के एक डायलॉग में कहा गया था, 'वह गाते कम थे और रोते ज्यादा थे'। मोहम्मद रफी के परिवार ने इस पर नाराजगी जाहिर की थी।