माई सिटी रिपोर्टर पानीपत। नगर निगम ने मंगलवार को पालिका बाजार स्थित पार्किंग स्थल को एक वर्ष की अवधि के लिए 27.50 लाख रुपये में ठेका छूटा है।
इससे नगर निगम की वार्षिक आय में पिछले वर्ष की तुलना में नौ लाख रुपये का सीधा मुनाफा हुआ है। ठेकेदार ने तीन महीने राशि पहले जमा करा दी है। ठेकेदार अब किसी भी दिन पार्किंग चार्ज शुरू कर सकेगा। निगम के पार्किंग का ठेका छोड़ने पर त्योहारी सीजन में लोगों को कुछ राहत मिलेगी।
नगर निगम ने मंगलवार को एग्रो मॉल स्थित निगम कार्यालय की चौथी मंजिल पर पालिका बाजार स्थित पार्किंग की बोली कराई। संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी की अध्यक्षता में गठित कमेटी की देखरेख में संपन्न हुई। बोली प्रक्रिया में डीटीपी, एसओ बिजेंद्र, अकाउंटेंट जितेंद्र, रेंट ब्रांच के क्लर्क और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।इसमें चार बोलीदाताओं ने हिस्सा लिया।
सभी प्रतिभागियों ने नियमों के तहत दो लाख रुपये की धरोहर राशि जमा कराई थी। निगम ने इस बार बोली की शुरुआत पिछले साल की अधिकतम राशि 18.50 लाख रुपये में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर 20.35 लाख रुपये से तय की थी। गांव नैन निवासी प्रवीण कुमार ने सर्वाधिक 27.50 लाख रुपये की वार्षिक बोली लगाई।
उनको मौके पर नियम अनुसार तीन महीने की फीस के बराबर सुरक्षा राशि जमा करवा दी। संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी ने बताया कि पालिका बाजार की पार्किंग शुरू होने पर लोगों को सुविधा मिलेगी।