विशेष अभियान चलाने के निर्देश
शराब पीकर गाड़ी चलाने, तेज रफ्तार, अवैध शराब, जुआ और नशीले पदार्थों (विशेषकर चिट्टा) की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। यह कदम मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चलाए जा रहे एंटी चिट्टा जन आंदोलन को और मजबूत करेगा। इन निर्देशों में ट्रैफिक और पार्किंग के बेहतर प्रबंधन, महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, अफवाहों और सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री की निगरानी, तथा आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए ईआरएसएस-112 को पूरी तरह से तैयार रखने पर भी जोर दिया गया है।
जनता के साथ विनम्रता व संवेदनशीलता से पेश आएं: डीजीपी
डीजीपी ने विशेष रूप से कहा है कि पुलिस के इंतजाम ऐसे होने चाहिए जिनसे लोगों को त्योहार मनाने में आसानी हो, न कि कोई परेशानी। पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे व्यापारियों, बाजार संघों और सामुदायिक प्रतिनिधियों के साथ संवाद करें और आम जनता के साथ विनम्रता व संवेदनशीलता से पेश आएं। तिवारी ने जिला एसपी को व्यक्तिगत रूप से जवाबदेह ठहराते हुए निर्देश दिया है कि वे पहले से निरीक्षण सुनिश्चित करें, फील्ड में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करें और लगातार निगरानी रखें।
सभी एसपी 7 नवंबर को अनुपालन रिपोर्ट सौंपेंगे
एडीजी/सीआईडी और रेंज के आईजी/डीआईजी तैयारियों की निगरानी करेंगे, जबकि सभी एसपी को 7 नवंबर 2026 तक पुलिस मुख्यालय को अनुपालन रिपोर्ट सौंपनी होगी। डीजीपी ने कहा कि हमारी तैयारियों का आकलन इस बात से नहीं होगा कि कितनी बैठकें हुईं या कितने निर्देश जारी किए गए, बल्कि इस बात से होगा कि धरातल पर इंतजाम कितने प्रभावी रहे, कितनी अप्रिय घटनाओं को रोका जा सका और आपातकालीन स्थिति में कितनी तेजी से प्रतिक्रिया दी गई। तिवारी ने नागरिकों से अपील की कि वे जिम्मेदारी से दिवाली मनाएं, सुरक्षा सावधानियों का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें। साथ ही, उन्होंने सभी से आग्रह किया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना ईआरएसएस-112 के माध्यम से दें।