जल शक्ति विभाग ने ठेकेदार को जारी किए निर्देश, बनेगा सीवरेज इंफ्रास्ट्रक्चर
डक्टाइल आयरन पाइप बिछाने की योजना, मैनहोल चैंबर का होना निर्माण
3.49 करोड़ से होगा काम, 150 मिमी से 300 मिमी वाली बिछेगी पाइपलाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर में सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। साथ ही मैनहोल चैंबर भी बनाए जाएंगे। इसके लिए जल्द सीवरेज इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने की तैयारी है। योजना के तहत 150, 200, 250 और 300 मिमी व्यास की डक्टाइल आयरन (डीआई) पाइप बिछाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा जरूरत के अनुसार स्टील क्रॉसिंग और मैनहोल चैंबर भी बनाए जाएंगे। मैनहोल चैंबर 1200 और 900 मिमी व्यास के होंगे। इससे सीवेज की निकासी को सही करने में मदद मिलेगी।
इसके लिए जल शक्ति विभाग की ओर से 3.49 करोड़ का टेंडर जारी किया गया है। सीवरेज पाइप लाइन बिछाने का पूरा काम जल शक्ति विभाग की ओर से करवाया जाएगा। यह पूरा कार्य ठेके के जरिये करवाया जाएगा और काम को पूरा करने के लिए ठेकेदारों को छह महीने का समय दिया गया है। साथ ही दधोग में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाने की भी योजना है। इसके लिए विभाग की ओर से अलग से टेंडर जारी किया गया है। शहर के 60 फीसदी हिस्से में सीवरेज नेटवर्क की सुविधा नहीं है। घरों से निकलने वाली गंदगी खुले में बह रही है। ऐसे में नई पाइपलाइन बिछने से लोगों को सुविधा मिलेगी।
शहर में पुरानी पाइपलाइन और सीमित नेटवर्क के कारण सीवरेज व्यवस्था से निपटना चुनौती बनता जा रहा है। इस परियोजना से शहर के घनी आबादी वाले वार्डों 6, 9, 10, 11 और 15 को जोड़ा जाएगा। वार्डों को सीवरेज नेटवर्क से जोड़ने के लिए चार हिस्सों जोन ए, बी, सी, डी में बांटा गया है। जोन डी को सीवरेज से जोड़ा गया है। इसके लिए साइंटिस्ट कॉलोनी में ट्रीटमेंट प्लांट बना हुआ है। जोन ए को अब सीवरेज से जोड़ने की तैयारी है। इसमें चंबाघाट, लोअर बाजार और गंज बाजार के हिस्से शामिल है।
कोट
शहर में लगातार बढ़ती आबादी और नए भवनों के निर्माण के कारण सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी हो गया है। इसके लिए सीवरेज पाइप लाइन बिछाई जाएगी, जिसका टेंडर जारी हो गया है। शहर के मुख्य क्षेत्रों को सीवरेज से जोड़ा जाएगा। स्थानीय लोग पिछले काफी समय से सीवरेज पाइप लाइन बिछाने की मांग कर रहे हैं।
-ई, ऐन सिंह, एसडीओ, जल शक्ति विभाग