प्रशासन ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि सोनम वांगचुक ने 22 अक्तूबर को नई दिल्ली स्थित लद्दाख भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आरोप लगाया था कि लद्दाख में शराब को बढ़ावा दिया जा रहा है और स्कूलों के आसपास सहित हर गली-मोहल्ले में बार खोले जा रहे हैं। प्रशासन ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि आधिकारिक रिकॉर्ड से इनकी पुष्टि नहीं होती।
नई आबकारी नीति वापस ले ली गई थी
नई आबकारी नीति 2026-27 को 1 जून 2026 को अधिसूचित किया गया था। हालांकि, स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों से सुझाव और आपत्तियां मिलने के बाद उपराज्यपाल ने लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए 26 अगस्त को इस नीति को वापस ले लिया। इसके साथ ही नई नीति के तहत वाइन शॉप खोलने का प्रस्ताव और नीलामी का नोटिस भी रद्द कर दिया गया।
इसके बाद 4 अप्रैल 2025 को अधिसूचित पुरानी आबकारी नीति 2025-26 को दोबारा लागू कर दिया गया। प्रशासन का कहना है कि यही नीति फिलहाल प्रभावी है।
लेह में केवल एक शराब की दुकान चालू
प्रशासन ने बताया कि पुरानी नीति के तहत लेह के वार्ड नंबर 4 और वार्ड नंबर 6 में दो शराब की दुकानों की अनुमति थी। वार्ड नंबर 6 में 14 अक्तूबर को हुई नीलामी के बाद एक दुकान चालू हुई, जबकि वार्ड नंबर 4 में कोई बोली नहीं मिली। इस कारण वहां दुकान नहीं खुल सकी। इस तरह पूरे लद्दाख में फिलहाल केवल एक शराब की दुकान संचालित है।
लद्दाख में बार और होटल लाइसेंस की स्थिति
लद्दाख में रेस्तरां के साथ शराब परोसने वाले 50 बार संचालित हैं। इनमें लेह में 38, नुब्रा में सात, जांस्कर में तीन और चांगथांग में दो बार शामिल हैं। इसके अलावा लेह में दो बीयर बार भी चल रहे हैं।
लेह के नौ होटलों के पास शराब परोसने के लाइसेंस हैं। इनमें से चार होटलों ने इस वर्ष लाइसेंस के लिए आवेदन किया था और उन्हें अनुमति दी गई। नुब्रा के एक होटल को भी इस वर्ष लाइसेंस जारी किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि लाइसेंस निर्धारित नियमों और राजमार्गों, धार्मिक स्थलों तथा शैक्षणिक संस्थानों से दूरी संबंधी मानकों के आधार पर दिए जाते हैं।
तथ्यों की पुष्टि करने की सलाह
प्रशासन ने वांगचुक से अपील की कि वे राष्ट्रीय मीडिया और आम जनता के सामने बयान देने से पहले आधिकारिक स्रोतों से तथ्यों की पुष्टि करें। प्रशासन का कहना है कि शराब की दुकानें हर इलाके में खोले जाने और स्कूलों के आसपास बार संचालित होने के उनके दावों का आधिकारिक रिकॉर्ड समर्थन नहीं करता।