लखनऊ। केजीएमयू में धर्मांतरण और डॉ. रमीज प्रकरण में एसटीएफ की जांच रिपोर्ट में नामजद डॉक्टरों पर कार्रवाई की तैयारी है। शुक्रवार को होने वाली कार्यपरिषद की आपात बैठक में कुछ डॉक्टरों को प्रशासनिक पदों से हटाने और नई जिम्मेदारियां देने पर रोक लगाने का फैसला हो सकता है।
कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में एसटीएफ की सात पेज की रिपोर्ट रखी जाएगी। इसके तथ्यों और निष्कर्षों के आधार पर 13 डॉक्टरों की भूमिका की समीक्षा कर कार्रवाई तय की जाएगी।
विज्ञापन
बैठक में सभी कार्यपरिषद सदस्यों को शामिल होने का आग्रह किया गया है। रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के आधार पर संबंधित डॉक्टरों की जिम्मेदारी पर चर्चा होगी। इसके बाद नोटिस जारी करने समेत अन्य कार्रवाई पर निर्णय लिया जा सकता है।
कार्यपरिषद की आपात बैठक को लेकर केजीएमयू में हलचल तेज है। एसटीएफ की रिपोर्ट में नाम शामिल होने के बाद संबंधित डॉक्टरों में कार्रवाई को लेकर चिंता है। हालांकि, उनका कहना है कि उन पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं।