पटियाला में हथियारों के साथ पकड़े गए आरोपियों की जानकारी देती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
पटियाला पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से .32 बोर के नौ पिस्तौल, 10 कारतूस और 16 मैगजीन बरामद की गई हैं।
पुलिस ने एक सफेद रंग की कार भी बरामद की है। शुरुआती जांच में सामने आया कि बरामद हथियार मध्य प्रदेश से लाए गए थे। पुलिस अब हथियारों की सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरमनदीप सिंह हांस के दिशा-निर्देशों पर यह कार्रवाई हुई। पुलिस अधीक्षक सिटी, पुलिस उपाधीक्षक और सीआईए स्टाफ की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसविंदर सिंह उर्फ गोगा, लखवीर सिंह उर्फ लाडी और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के रूप में हुई है। जसविंदर सिंह बठिंडा का निवासी है, जबकि लखवीर सिंह और गुरप्रीत सिंह पटियाला के रहने वाले हैं।