लुधियाना देहात के गांव गगड़ा में देर रात गुरुद्वारा साहिब भगत धन्ना जी के गेट पर फायरिंग और धमकी भरी चिट्ठी फेंकने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। चिट्ठी में गुरुद्वारा साहिब के मुखी बाबा अमरजीत सिंह और अकाली दल बादल के वर्कर गुरिंदर सिंह रूमी को चुनाव से पहले जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात कही गई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे गुरिंदर सिंह रूमी ने फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी। उन्होंने बताया कि अज्ञात लोगों ने गुरुद्वारा साहिब भगत धन्ना जी के गेट पर दो फायर किए और धमकी भरी चिट्ठी फेंककर फरार हो गए। यह घटना गुरूद्वारा साहिब में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जिसमें साफ दिखाई दे रहा हे एक युवक चिट्ठी रखने के बाद गोलियां चलाता है
बताया जा रहा है कि चिट्ठी में बाबा अमरजीत सिंह, गुरिंदर सिंह रूमी और जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज्ज के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। चिट्ठी में आरोप लगाया गया कि गुरुद्वारा साहिब में अकाली दल बादल और भाजपा से जुड़े लोगों के आने पर उन्हें सिरोपा भेंट किया जाता है। इसी बात को लेकर बाबा अमरजीत सिंह और गुरिंदर सिंह रूमी को निशाना बनाते हुए धमकियां दी गईं। चिट्ठी में कथित तौर पर चुनाव से पहले दोनों को जान से मारने की चेतावनी भी दी गई है। हालांकि, फायरिंग करने वालों की पहचान और वारदात के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।