अंबेडकरनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टांडा का बृहस्पतिवार को सीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो कर्मचारी अनुपस्थित मिले। दोनों का एक दिन का वेतन बाधित कर दिया गया। वहीं इमरजेंसी ट्रे में निर्धारित 23 दवाओं के सापेक्ष केवल 20 दवाएं मिलने पर अधीक्षक को व्यवस्था दुरुस्त कराने की चेतावनी दी गई।
ओपीडी कक्ष में गंदगी और खिड़कियों पर पर्दे नहीं होने पर भी नाराजगी जताई गई। निरीक्षण के दौरान सबसे पहले कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका जांची। इसमें स्टाफ नर्स सुमन देवी और संविदा एलटी राजमणि वर्मा अनुपस्थित मिले। दोनों का उस दिन का वेतन बाधित किया गया।
चिकित्साधिकारी डॉ. दिव्यांशु इमरजेंसी ड्यूटी रोस्टर के अनुसार मौजूद नहीं थे, जबकि उपस्थिति पंजिका पर उनके हस्ताक्षर थे। अधीक्षक ने बताया कि उनके स्थान पर डॉ. राकेश कुमार यादव ड्यूटी कर रहे थे। इस पर भविष्य में ड्यूटी की अदला-बदली होने पर लिखित सूचना देने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा एक कक्ष में सफाई की कमी और पर्दे नहीं होने पर तत्काल व्यवस्था सुधारने को कहा। वहीं उचित ड्रेस में नहीं होने पर डॉ. काशान अख्तर को चेतावनी दी गई। दवा वितरण कक्ष में 200 मरीजों को दवाएं दी जा चुकी थीं। हालांकि वितरण रजिस्टर पर 30 सितंबर के बाद अधीक्षक के हस्ताक्षर नहीं मिले। इस पर नाराजगी जताई।
इसके अलावा इमरजेंसी ट्रे में तीन दवाएं कम मिलने पर अधीक्षक को चेताया गया। सीएमओ ने वार्डों में भर्ती मरीजों से उपचार की जानकारी ली। सीएमओ ने बताया कि मिली कमियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।