नवबगंज विकास खंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय का जर्जर भवन।
बाबागंज। नवाबगंज शिक्षा क्षेत्र के परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 52 जर्जर भवनों को जल्द ध्वस्त किया जाएगा। इन भवनों की नीलामी और मलबे के निस्तारण की प्रक्रिया पारदर्शी बनाने के लिए विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। मलबे की नीलामी सरकारी ई-मार्केटप्लेस (जेम) पोर्टल के माध्यम से कराई जाएगी।
विभाग के अनुसार, सुरक्षा के लिहाज से इन 52 विद्यालय भवनों को पहले ही अनुपयोगी और जर्जर घोषित किया जा चुका है। बारिश और मौसम के प्रभाव से इन भवनों के गिरने का खतरा बना हुआ है। इससे विद्यालय आने वाले बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई थी। खंड शिक्षा अधिकारी शिवम गुप्ता ने बताया कि एक नवंबर को जेम पोर्टल के माध्यम से जर्जर भवनों की नीलामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
भवनों के ध्वस्तीकरण के बाद मलबा हटाकर खाली हुई भूमि का उपयोग नए विद्यालय भवनों के निर्माण, खेल मैदान विकसित करने या अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए किया जा सकेगा। इससे विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।