अनूपशहर। अनूपशहर-अलीगढ़ मार्ग के चौड़ीकरण कार्य के चलते रविवार को क्षेत्र के 17 गांवों में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप रहेगी। विद्युत विभाग ने सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक लगातार छह घंटे का शटडाउन घोषित किया है।
विद्युत उपकेंद्र अनूपशहर देहात क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 11 केवी भोपतपुर टाउन, ऐचोरा टाउन और फैजपुरा पीटीडब्ल्यू फीडरों की लाइनों को शिफ्ट किया जाना है। इस कारण शेरपुर, फतेहपुर, रूढबांगर, भैरिया हरिद्वारपुर, नगला गंगापुर, भोपतपुर, उदयपुर, तलवार, लच्छमपुर, अचलपुर, राजौर, रूपवास, तेलिया नगला, मऊ, फैजपुरा और ऐचोरा समेत 17 गांवों की बत्ती गुल रहेगी।
एसडीओ शैलेंद्र सारस्वत ने बताया कि मार्ग चौड़ीकरण जैसे जरूरी विकास कार्य के लिए लाइन शिफ्टिंग आवश्यक है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे सुबह 11 बजे से पूर्व पेयजल भंडारण व अन्य जरूरी कार्य समय रहते पूरे कर लें।