थाना प्रभारी बोले- तेज रफ्तार से हुआ हादसा
जंगीपुर थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी डिवाइडर तोड़ते हुए खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
घायलों को अस्पताल पहुंचाने में देरी का आरोप
स्थानीय निवासी कमलेश यादव ने आरोप लगाया कि घटनास्थल पर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और मिर्जापुर टोल प्लाजा की ओर से एनएचएआई की दो एंबुलेंस पहुंचीं, लेकिन दोनों खराब हो गईं। इसके चलते घायलों को अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई। बाद में 108 नंबर की एंबुलेंस पहुंचने पर घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया।
ईपीसी सोलर सर्विस में कार्यरत थे अनमोल
हादसे में जान गंवाने वाले अनमोल उपाध्याय अविवाहित थे। वह ईपीसी सोलर सर्विस में कार्यरत थे। उनकी मौत की खबर से परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
इलाज के लिए वाराणसी जा रही थीं क्षमा
हादसे में जान गंवाने वाली क्षमा उपाध्याय की तबीयत खराब चल रही थी। उन्हें इलाज के लिए वाराणसी ले जाया जा रहा था। कार में उनके साथ रत्नेश मिश्रा भी मौजूद थे, जो अगली सीट पर बैठे थे।
21 अक्तूबर को खरीदी गई थी स्कॉर्पियो
परिजनों के मुताबिक, मृतका क्षमा उपाध्याय के भाई रत्नेश मिश्रा के बड़े भाई ने 21 अक्तूबर को स्कॉर्पियो खरीदी थी। वाहन स्कॉर्पियो आई-10 टॉप मॉडल बताया गया है।