अनपरा। चक्रवाती तूफान के कारण क्षेत्र में हुए बारिश का असर तापीय परियोजनाओं में कोयला आपूर्ति पर भी पड़ा है। 24 घंटे में ही परियोजनाओं में दो प्रतिशत कोयला और कम हो गया है। कोयला स्टॉक कम होने से इकाइयों से उत्पादन कम कराया जा रहा है। बृहस्पतिवार को परियोजनाओं की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार निगम की अनपरा तापीय परियोजना में मानक का 29 प्रतिशत यानी 1.40 लाख टन और ओबरा तापीय परियोजना में मानक का 11 प्रतिशत यानी 86.8 हजार टन कोयला उपलब्ध रहा। वहीं निजी क्षेत्र की एमईआईएल अनपरा एनर्जी लिमिटेड में मानक का 9 प्रतिशत यानी 17.6 हजार टन कोयला उपलब्ध है। वहीं 24 घंटे में ही अनपरा तापीय परियोजना में कोयला 2 प्रतिशत कम होकर मानक 26 प्रतिशत यानी 1.29 लाख टन और निजी क्षेत्र की एमईआईएल अनपरा एनर्जी लिमिटेड में 2 प्रतिशत कम होकर मानक का सात प्रतिशत यानी 13.6 हजार टन कोयला बचा हुआ है। कोयला कम होने के कारण इकाई से करीब 15 फीसदी उत्पादन कम कराया जा रहा है।