भिवानी। झंकार रोड पंचायत भवन दमकल कार्यालय के सामने बैंक से पैसे निकाल स्कूटी से घर लौट रही एक महिला से बुजुर्ग महिला ने सड़क पार कराने के लिए लिफ्ट लेने के बहाने से रुपये और गहने ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला के कमर में चुनीली निडल जैसी कोई वस्तु चुभो दी गई। जिसके बाद वह बेहोश हो गई। वहीं महिला के परिजनों ने डॉयल 112 पर इसकी सूचना देने के बाद महिला को अस्पताल में दाखिल कराया है। सिविल लाइन पुलिस मामले की जांच में जुटी है। भिवानी के कीर्ति नगर निवासी रवि सैनी ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब सवा बजे उसकी पत्नी मीनाक्षी का एक अनजान नंबर से फोन आया। उसने बताया कि वह झंकार रोड पर दमकल कार्यालय के सामने खड़ी है। जब वे मौके पर पहुंचे तो स्कूटी पर बेहोशी की हालत में थी। उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। थोड़ा होश में आने के बाद महिला ने बताया कि उससे एक बुजुर्ग महिला ने सड़क पार कराने के लिए लिफ्ट मांगी थी। महिला को कमर में कुछ नुकीनी निडल जैसा चुभने का आभास हुआ और फिर वह थोड़ी दूर जाकर बेहोश हो गई। महिला ने बताया कि उसने बैंक से 30 हजार रुपये निकाले थे। उसने बताया कि उसके बैग से 30 हजार रुपये और गले व कानों के गहने भी गायब हैं। डॉयल 112 पर सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तहकीकात की वहीं पीड़ित महिला को अस्पताल में दाखिल कराया। सिविल लाइन पुलिस थाना के जांच अधिकारी संजय ने बताया कि फिलहाल महिला के बयान दर्ज नहीं हुए हैं। बयान के आधार पर पुलिस इस संबंध में आगामी कार्रवाई करेगी और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल मामले की तहकीकात की जाएगी। संवाद