अवाहदेवी (हमीरपुर)। जेपी पब्लिक स्कूल समीरपुर में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में भोरंज के बीएमओ डॉ. ललित कालिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। स्कूल प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य की ओर से मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। स्कूल के प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी दी। इसके बाद मुख्य अतिथि डॉ. ललित कालिया ने विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। डॉ. ललित कालिया ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ योग, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेना भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।