फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर: नाहन हिंसा मामले में दोनों समुदायों के 12 लोग गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

नाहन शहर में गेट लगाने को लेकर वाल्मीकि और सिख समुदाय के लोगों के बीच हुए विवाद के मामले में पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार शाम को दोनों समुदायों से संबंधित लोगों को पूछताछ के लिए थाना सदर नाहन बुलाया था। पूछताछ और जांच के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए लोगों पर घटना के दौरान सबसे अधिक शांति भंग करने का आरोप है। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान की बरामदगी के साथ घटनास्थल पर मौजूद अन्य लोगों की पहचान करने में भी जुटी है। पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना सदर नाहन में घटना के बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 191(2), 191(3), 190, 132 और 324(4) तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया था। एसपी ने बताया कि जांच के दौरान मंगलवार शाम को दोनों पक्षों से संबंधित लोगों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था। जांच के आधार पर 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोग घटना के दौरान सबसे अधिक शांति भंग करने में शामिल थे। पुलिस उनसे पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल सामान की बरामदगी भी करेगी। एसपी एनएस नेगी ने बताया कि घटना के समय मौके पर मौजूद अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है, ताकि मामले में उनकी भूमिका का पता लगाया जा सके। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। बता दें कि 23 अक्तूबर को नाहन शहर में गेट लगाने को लेकर दो समुदायों के लोगों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई थी और दोनों तरफ से पत्थर, ईंटें तथा कांच की बोतलें फेंकी गई थीं। घटना में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों सहित करीब 20 लोगों को चोटें आई थीं। इस दौरान तहसीलदार की गाड़ी पर भी पत्थर बरसाए गए थे। घटना में निजी और सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा था। मामले की जांच जारी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें