फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फरीदकोट के गांव ढिलवां कलां में पुलिस प्रशासन की ओर से लोक मिलनी कार्यक्रम, अस्थायी नशा मुक्ति केंद्र स्थापित करने की मांग

फरीदकोट जिला पुलिस फरीदकोट की ओर से एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के नेतृत्व में युद्ध नशों विरुद्ध अभियान के तहत गांव ढिलवां कलां में पंचायत की मौजूदगी में लोक मिलनी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नशे के खात्मे के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। इस मौके पर गांव की पंचायत ने पुलिस और सिविल प्रशासन से मांग की कि गांव में अस्थायी तौर पर नशा मुक्ति केंद्र स्थापित किया जाए, ताकि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को वहां दाखिल करवाकर उनका उपचार करवाया जा सके। पुलिस प्रशासन ने पंचायत की इस मांग पर सहमति जताते हुए जल्द कार्रवाई करने का भरोसा दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस ने बताया कि फरीदकोट जिले में नशे के प्रसार को रोकने के लिए 13 हॉटस्पॉट क्षेत्रों की पहचान की गई है, जिनमें गांव ढिलवां कलां भी शामिल है। उन्होंने कहा कि गांव के कुछ युवा नशे की गिरफ्त में हैं, जबकि बाहर से भी कुछ लोग यहां नशा खरीदने और बेचने के लिए आते हैं। इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए ग्रामीणों का सहयोग बेहद जरूरी है। इस दौरान गांववासियों ने नशे के खात्मे के लिए पुलिस प्रशासन को अपने सुझाव भी दिए। वहीं नशा छोड़ चुके कुछ युवाओं ने सामने आकर अपने अनुभव साझा किए और नशे की लत के कारण उन्हें झेलनी पड़ी परेशानियों के बारे में बताया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसएसपी बैंस ने ग्रामीणों की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह बेहद सराहनीय कदम है कि गांव के लोगों ने खुद आगे आकर नशे के खिलाफ प्रयास शुरू किए हैं और गांव में अस्थायी नशा मुक्ति केंद्र स्थापित करने की इच्छा जताई है। उन्होंने अन्य गांवों के लोगों से भी इसी तरह आगे आने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की, ताकि पंजाब की जवानी को नशे की लानत से बचाया जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नशे के खिलाफ मुहिम में पुलिस का साथ देने वाले लोगों को यदि कोई धमकी देता है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर केशव गोयल, एसपी मुख्यालय जसप्रीत सिंह, डीएसपी संजीव कुमार, पेडा के वाइस चेयरमैन सुखजीत सिंह ढिलवां, गांव के सरपंच, तहसीलदार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें