बिहार: खरगे के बयान पर भाजपा को तूल देने का आरोप, तेजस्वी बोले- बिहार के असल मुद्दों से ध्यान भटका रही पार्टी
वैशाली के बिदुपुर में तेजस्वी यादव ने खरगे के बयान पर भाजपा की राजनीति को मुद्दों से ध्यान भटकाने वाला बताया। उन्होंने बिहार में अपराध, बेरोजगारी, पलायन, बाढ़ और किसानों की समस्याओं को लेकर एनडीए सरकार पर हमला बोला।
विस्तार
वैशाली जिले के बिदुपुर पहुंचे बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की विवादित टिप्पणी पर जारी सियासत के बीच भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को बेवजह तूल दे रही है और बात का बतंगड़ बना रही है। भाजपा को बिहार के लोगों की असल समस्याओं से कोई मतलब नहीं है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा का ध्यान न तो रोजगार पर है, न कमाई पर, न दवाई पर, न पढ़ाई पर और न ही सिंचाई पर। भाजपा सिर्फ बयानबाजी कर लोगों का ध्यान भटकाना चाहती है।
बिहार में अपराध और बेरोजगारी चरम पर
नेता प्रतिपक्ष ने बिहार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध और बेरोजगारी को लेकर नीतीश सरकार और एनडीए सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आज बिहार में अपराध चरम पर है। हर दिन हत्या, लूट और अपहरण की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार खामोश है।
उन्होंने कहा कि बिहार के युवा बेरोजगारी से परेशान हैं और पलायन करने को मजबूर हैं, लेकिन सरकार के पास रोजगार देने की कोई ठोस योजना नहीं है। बिहार पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ रहा है और खजाने की स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने सरकार की आर्थिक नीतियों को पूरी तरह विफल बताया।
डबल इंजन सरकार फेल : तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने डबल इंजन सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्र और राज्य दोनों जगह एनडीए की सरकार है, फिर भी बिहार को इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने सवाल किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के लिए क्या किया? उन्होंने कहा कि बिहार हर साल बाढ़ से तबाह होता है। लाखों लोग बेघर होते हैं और किसानों की फसल बर्बाद हो जाती है, लेकिन केंद्र सरकार बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित नहीं करती और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा तक नहीं मिलता। किसान परेशान हैं, लेकिन उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।
पढ़ें: विधान परिषद की 8 सीटों के लिए मतगणना शुरू अब होगी; जन सुराज पर सभी की नजर
विशेष राज्य का दर्जा और पैकेज पर घेरा
तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव आते ही भाजपा डबल इंजन सरकार और विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन बिहार को आज तक विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिला। विशेष पैकेज के नाम पर भी बिहार को कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ चुनाव के समय बिहार की जनता को ठगने का काम करती है। रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, किसानों की समस्या और बाढ़ से निजात जैसे बुनियादी मुद्दों पर भाजपा कभी गंभीर नहीं रही।
खरगे के बयान को भाजपा दे रही तूल : तेजस्वी
मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा को असल मुद्दों पर बात करनी चाहिए। बिहार की जनता को रोजगार, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं चाहिए, लेकिन भाजपा बयानबाजी कर मुद्दों से ध्यान हटा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष के बयान को लेकर भाजपा विरोध कर रही है और माफी की मांग कर रही है, लेकिन बिहार के बेरोजगार युवाओं, परेशान किसानों और बाढ़ पीड़ितों से माफी कौन मांगेगा? तेजस्वी यादव के इस बयान के बाद बिहार की सियासत और गरमा गई है। एनडीए और महागठबंधन के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।