Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Shakti Samvad concludes in Rajgir, women's commissions from 20 states take a pledge

बिहार: राजगीर में शक्ति संवाद का समापन, 20 राज्यों के महिला आयोगों ने बाल विवाह मुक्त भारत बनाने की ली शपथ

Sat, 28 Nov 2026 03:51 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना Published by: शबाहत हुसैन Updated Sat, 28 Nov 2026 03:51 PM IST
सार

राजगीर में पांचवें शक्ति संवाद के समापन पर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने 2026 में बाल विवाह के मामलों में 10 प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य रखा। उन्होंने 2030 तक बाल विवाह मुक्त भारत बनाने का संकल्प दोहराया।

 

विज्ञापन
Shakti Samvad concludes in Rajgir, women's commissions from 20 states take a pledge
शपथ लेती महिलाएं - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

राजगीर में राष्ट्रीय महिला आयोग और बिहार राज्य महिला आयोग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय पांचवें 'शक्ति संवाद' का शनिवार को समापन हो गया। समापन सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने वर्ष 2030 तक देश को 'बाल विवाह मुक्त भारत' बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि इसके तहत वर्ष 2026 में ही बाल विवाह के मामलों में 10 प्रतिशत तक कमी लाने का लक्ष्य तय किया गया है। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न राज्यों से आईं महिला आयोगों की अध्यक्षों, सदस्यों और अधिकारियों को बाल विवाह मुक्त भारत बनाने की शपथ भी दिलाई।

विज्ञापन

31 दिसंबर तक लंबित कार्यक्रम पूरे करने का निर्देश
विजया रहाटकर ने 20 राज्यों से आईं महिला आयोगों की प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि आयोग की ओर से दिए गए आठ प्रमुख कार्यक्रमों को हर हाल में 31 दिसंबर तक शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्यों को वेबसाइट, ऐप और हेल्पलाइन के लिए दिए गए आर्थिक सहयोग के तहत चल रही योजनाओं को भी निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

विज्ञापन

उन्होंने सभी राज्य महिला आयोगों से अपने-अपने प्रदेश में महिला कल्याण से जुड़े कानूनों की समीक्षा करने, समकालीन मुद्दों पर शोध करने और महिलाओं के शोषण से जुड़ी कुप्रथाओं का दस्तावेजीकरण करने को कहा। साथ ही इन विषयों पर राज्य सरकारों को ठोस सिफारिशें भेजने का आग्रह किया।

विज्ञापन
विज्ञापन

प्रोटेक्शन ऑफिसर और वन स्टॉप सेंटर के बीच तालमेल पर जोर
घरेलू हिंसा अधिनियम का जिक्र करते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि हर जिले में तैनात प्रोटेक्शन ऑफिसर्स, महिला एवं बाल विकास विभाग के काउंसलर, समाज कल्याण विभाग और वन स्टॉप सेंटर के बीच बेहतर समन्वय होना बेहद जरूरी है। उन्होंने राज्य महिला आयोगों से इन इकाइयों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने और उनकी क्षमता बढ़ाने पर ध्यान देने का आग्रह किया।

बाल विवाह की समस्या पर उन्होंने जहाज में छेद होने का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह एक छोटा-सा छेद भी अंततः जहाज को डुबो सकता है, उसी तरह कुछ इलाकों में हो रहे बाल विवाह को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इस कुप्रथा को जड़ से खत्म करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है।

2016 में महाराष्ट्र से शुरू हुई थी 'आयोग आपके द्वार' पहल
अपने अनुभव साझा करते हुए विजया रहाटकर ने बताया कि वर्ष 2016 में जब उन्हें महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग का अध्यक्ष बनाया गया था, तब उन्होंने देश में पहली बार 'महिला आयोग आपल्या दारी' के नाम से जिला और तालुका स्तर पर जनसुनवाई की शुरुआत की थी।

राष्ट्रीय महिला आयोग की जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने इस पहल को राष्ट्रीय स्तर पर लागू किया। इसके तहत पिछले एक साल में ही 200 से अधिक जनसुनवाई की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में शुरू हुई छोटी-सी पहल आज सभी राज्य महिला आयोगों के सहयोग से वटवृक्ष बन चुकी है।

महिला आरक्षण से सदन में बढ़ेगी महिलाओं की भागीदारी
पत्रकारों से बातचीत में विजया रहाटकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला आरक्षण विधेयक पारित हो चुका है। अब इसे जमीनी स्तर पर लागू करने की बारी है। उन्होंने कहा कि भारत की महिलाएं गार्गी, मैत्रेयी, मां जिजाऊ, रानी लक्ष्मीबाई, अहिल्याबाई होलकर और सावित्रीबाई फुले की परंपरा की वाहक हैं। वे हमेशा से नेतृत्वकर्ता रही हैं। उन्होंने कहा कि सदन में महिलाओं की प्रत्यक्ष भागीदारी बढ़ने से शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसरोकार से जुड़े मुद्दे और मजबूती से उठाए जा सकेंगे।

विकसित बिहार की तस्वीर लेकर लौटेंगी प्रतिनिधि: अप्सरा मिश्रा
बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा ने कहा कि बिहार तेजी से बदल रहा है और राजगीर में आयोजित यह भव्य कार्यक्रम इसका प्रमाण है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दूसरे दिन विभिन्न सत्रों के आयोजन के बाद 20 राज्यों से आईं महिला आयोगों की अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य और सदस्य सचिव राजगीर एवं बिहार दर्शन के लिए रवाना होंगी।

उन्होंने कहा कि सभी प्रतिनिधि अपने साथ बदलते और विकसित बिहार की सकारात्मक तस्वीर लेकर अपने-अपने राज्यों में लौटेंगी और वहां के लोगों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगी। कार्यक्रम के अंत में विजया रहाटकर ने सभी राज्य महिला आयोगों को आगामी 31 जनवरी को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय महिला आयोग के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed