दीपावली: पलटन बाजार में जीरो जोन, वाहनों की एंट्री बंद, बाजारों में जाम से निपटने को छह क्रेन तैनात
सहस्त्रधारा, रायपुर और राजपुर रोड की ओर से आने वाले वाहन काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कॉलेज, कनक चौक मल्टीस्टोरी पार्किंग और घंटाघर स्थित एमडीडीए कॉम्प्लेक्स में पार्क किए जा सकेंगे।
विस्तार
दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए दून पुलिस ने यातायात प्लान जारी कर दिया है। सात से 11 नवंबर तक शहर के प्रमुख बाजारों में यातायात व्यवस्था बदलने के साथ ही पार्किंग के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। पलटन बाजार, धामावाला, मच्छी बाजार और पीपल मंडी को वाहनों के लिए जीरो जोन बनाया जाएगा। यहां केवल पैदल यात्रियों को प्रवेश मिलेगा। वहीं, शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
प्रभारी एसपी ट्रैफिक जया बलोनी ने बताया कि सहस्त्रधारा, रायपुर और राजपुर रोड की ओर से आने वाले वाहन काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कॉलेज, कनक चौक मल्टीस्टोरी पार्किंग और घंटाघर स्थित एमडीडीए कॉम्प्लेक्स में पार्क किए जा सकेंगे। चकराता रोड और जीएमएस रोड की ओर से आने वाले वाहनों के लिए जनपथ कॉम्प्लेक्स और रेंजर्स ग्राउंड निर्धारित किया गया है। ईसी रोड, धर्मपुर और नेहरू कॉलोनी की ओर से आने वाले वाहन रेंजर्स ग्राउंड, दरबार साहिब और राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स में पार्क होंगे।
सहारनपुर चौक, कांवली रोड और पटेलनगर की ओर से आने वालों के लिए पुराना बस अड्डा, पुलिस कार्यालय और नगर निगम परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पलटन बाजार आने वाले दोपहिया वाहन गांधी इंटर कॉलेज और सीएनआई स्कूल में खड़े किए जा सकेंगे। प्रभारी एसपी ट्रैफिक जया बलोनी ने लोगों से अपील की है कि बाजार आने के लिए निजी वाहनों का कम से कम इस्तेमाल करें और निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़े करें। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों को बेसमेंट पार्किंग आम लोगों के लिए खोलने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से अंतिम समय की भीड़ से बचने, अनावश्यक हॉर्न न बजाने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
लोडिंग वाहनों के प्रवेश पर भी रोक
पलटन बाजार में सुबह 10 से रात नौ बजे तक लोडिंग वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। व्यापारियों के वाहनों को टोकन के आधार पर प्रवेश मिलेगा। लोडिंग वाहनों के लिए राजा रोड से पीपल मंडी होते हुए दर्शनी गेट तक वन-वे व्यवस्था रहेगी। यातायात सामान्य रहने पर विक्रम, ऑटो और ई-रिक्शा अपने निर्धारित रूट पर चलेंगे।
चमोली: बदरीनाथ धाम की पहाड़ी पर भड़की आग, मौके के लिए रवाना हुई वन विभाग की टीम
विक्रम और सिटी बसों के रूट में बदलाव
राजपुर रोड से आने वाले रूट नंबर एक के विक्रम ओरिएंट चौक के बजाय ग्लोब चौक से पैसिफिक तिराहा, सुभाष रोड और बेनी बाजार होते हुए लौटेंगे। रायपुर रोड से आने वाले रूट नंबर दो के विक्रम सर्वे चौक से वापस जाएंगे। रिस्पना की ओर से आने वाले रूट नंबर तीन के विक्रम दून चौक और एमकेपी चौक होते हुए लौटेंगे। रूट नंबर पांच और आठ के विक्रम तहसील चौक तक ही आएंगे। राजपुर रोड की सिटी बसों का पिकअप-ड्रॉप प्वाइंट ओरिएंट चौक और डोईवाला व सहस्त्रधारा जाने वाली बसों का रेंजर्स ग्राउंड रहेगा।
जाम लगा तो इन रास्तों से होगा डायवर्जन
सर्वे चौक पर दबाव बढ़ने पर रायपुर से आने वाले वाहनों को कर्जन रोड तिराहे से म्यूनिसिपल रोड की ओर भेजा जाएगा। घंटाघर पर दबाव होने पर राजपुर रोड से आने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक से कनक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। दर्शनलाल चौक से आने वाले वाहनों को लैंसडाउन चौक की ओर भेजेंगे। धर्मपुर चौक पर जाम की स्थिति में माता मंदिर रोड से आने वाले वाहन रेसकोर्स और नेहरू कॉलोनी तिराहे से आने वाले वाहन फव्वारा चौक की ओर भेजे जाएंगे।
छह क्रेन से होगी निगरानी, गलत पार्किंग पर 1500 रुपये जुर्माना
यातायात व्यवस्था संभालने के लिए एक सीओ, चार ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 15 ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर और अतिरिक्त टीएसआई, 60 ट्रैफिक कांस्टेबल, 80 प्रशिक्षु कांस्टेबल और 10 सीपीयू मोबाइल टीमें तैनात रहेंगी। इसके अलावा थानों से भी पुलिस बल लगाया जाएगा। गलत पार्किंग पर कार्रवाई के लिए छह क्रेन तैनात की गई हैं। नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर क्रेन से टो किया जाएगा और 1500 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। 29 एएनपीआर, 105 आरएलवीडी और नौ एसवीडीएस कैमरों से भी निगरानी की जाएगी।