मसूरी: पहाड़ों की रानी में दिखा कुदरत का अद्भुत नजारा, विंटर लाइन की खूबसूरती देख मंत्रमुग्ध हुए सैलानी
सूरज ढलते ही पहाड़ों की रानी के आसमान में ऐसा नजारा उभर रहा है, जिसे देखकर सैलानी कैमरे उठाने से खुद को रोक नहीं पा रहे। क्षितिज पर रंगों की अनूठी लकीर शाम की खूबसूरती को और खास बना रही है।
विस्तार
पहाड़ों की रानी मसूरी में इन दिनों सूर्यास्त के समय आसमान में प्रकृति के खूबसूरत रंग देखने को मिल रहे हैं। क्षितिज पर नजर आ रही विंटर लाइन की रंगीन पट्टी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस मनमोहक नजारे को देखने के लिए सैलानी कुछ पल ठहर रहे हैं और कैमरों व मोबाइल में तस्वीरें कैद कर रहे हैं।
हर साल दिखाई देने वाली विंटर लाइन मसूरी की खास पहचान है, जो यहां की खूबसूरती में चार चांद लगा देती है। मसूरी में विंटर लाइन का अद्भुत नजारा पर्यटकों को खूब आकर्षित कर रहा है। सूर्यास्त के समय दून घाटी के आसमान में उभरती रंगों की अनूठी छटा देखने के लिए पर्यटक माल रोड पर ठहर रहे हैं। यह प्राकृतिक घटना सामान्यतः नवंबर से फरवरी के बीच करीब 15 से 20 मिनट तक दिखाई देती है।
मसूरी को प्रकृति का एक अनमोल उपहार
मसूरी को प्रकृति का एक अनमोल उपहार माना जाता है, जिसमें विंटर लाइन भी शामिल है। क्षितिज पर लाल, नारंगी और सुनहरे रंगों की पट्टी आसमान को विशेष सुंदरता प्रदान करती है। यह नजारा मसूरी के अलावा स्विट्जरलैंड में भी देखा जा सकता है। पर्यटक मालरोड, लालटिब्बा, गनहिल, विंसेट हिल, सिस्टर बाजार, राधा भवन स्टेट, सर्कुलर रोड, कुलड़ी और शहर के दक्षिणी हिस्सों से इसे देख सकते हैं।
ये भी पढ़ें...उत्तरकाशी: केदारताल ट्रेक पर भोजखड़क से आगे फंसे आठ लोग, हिमस्खलन से रास्ता बंद, टीमें रेस्क्यू में जुटीं
साफ मौसम में सूर्यास्त के समय आसमान में रंगों की बदलती छटा पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण बनती है। प्रसिद्ध लेखक गणेश सैली ने कहा कि मसूरी की दुनिया के पर्यटन स्थलों में अलग पहचान है। उन्होंने बताया कि प्रकृति ने इस शहर को कई खास खूबियों से नवाजा है। विंटर लाइन ऐसा ही अनमोल उपहार है, जो मसूरी की खूबसूरती को विशिष्ट बनाता है। माल रोड पर घूमते पर्यटक इस मनमोहक दृश्य को निहारने के लिए रुक जाते हैं।