{"_id":"6b09f62505626295530f9d74","slug":"rss-centenary-celebrations-in-delhi-tomorrow-2026-11-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"आरएसएस स्थापना आयोजन: दिल्ली में संघ का शताब्दी समारोह कल, समागम को संबोधित करेंगे सरसंघचालक मोहन भागवत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
आरएसएस स्थापना आयोजन: दिल्ली में संघ का शताब्दी समारोह कल, समागम को संबोधित करेंगे सरसंघचालक मोहन भागवत
Sat, 28 Nov 2026 02:59 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sat, 28 Nov 2026 02:59 AM IST
सार
सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस समागम को सरसंघचालक मोहन भागवत संबोधित करेंगे। लगभग 56 एकड़ क्षेत्र में होने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में पंजीकृत स्वयंसेवक शामिल होंगे।
विज्ञापन
फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-23 स्थित समरसता स्थल पर ‘राष्ट्र वंदनम’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस समागम को सरसंघचालक मोहन भागवत संबोधित करेंगे। लगभग 56 एकड़ क्षेत्र में होने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में पंजीकृत स्वयंसेवक शामिल होंगे।
विज्ञापन
कार्यक्रम का उद्देश्य "राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्त समाज" का संदेश देना है। संघ की दिल्ली इकाई द्वारा उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रोहिणी इलाके में 29 नवंबर को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम, 'राष्ट्र वंदनम', के साथ ही संघ की स्थापना के 101 साल पूरे होने का अवसर भी मनाया जाएगा।
विज्ञापन
संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी नरेंद्र ठाकुर ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस कार्यक्रम को संघ प्रमुख मोहन भागवत और भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जगदीश सिंह खेहर संबोधित करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि पूर्व सीजेआई जस्टिस जगदीश सिंह खेहर को इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
विज्ञापन
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए ठाकुर ने बताया कि इसमें राजनेताओं और उद्योगपतियों सहित जीवन के विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। अब तक 85,000 से अधिक स्वयंसेवकों और समाज के लगभग 75,000 प्रमुख लोगों ने इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पंजीकरण कराया है।
संघ के राष्ट्रीय मीडिया और संचार विभाग के सह-प्रमुख ने कहा कि इसे केवल एक कार्यक्रम के रूप में नहीं, बल्कि एक ऐसे अभियान के तौर पर आयोजित किया जा रहा है जो समाज को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, अनुशासन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी परंपराओं, आत्मनिर्भरता और नशा मुक्त समाज का संदेश देगा।
कार्यक्रम की कुछ मुख्य विशेषताओं का जिक्र करते हुए ठाकुर ने बताया कि आयोजन स्थल पर लगभग 9,000 स्वयंसेवक योग आसन करेंगे, और करीब 800 स्वयंसेवक संघ का पारंपरिक मार्चिंग बैंड बजाएंगे।
