हिमाचल प्रदेश: सड़क से नीचे गिरी कार, मां-बेटे सहित पांच लोगों की माैत, एक घायल
शिमला जिले के नावर क्षेत्र के दरोटी संपर्क सड़क पर हुए दर्दनाक हादसे में मां-बेटे सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
विस्तार
मृतकों की सूची
मृतकों की पहचान कुशल पुत्र प्रमोद और उसकी मां कल्पना देवी पत्नी प्रमोद निवासी दरोटी गांव के रूप में हुई है। इनके अलावा निर्मला पत्नी पवन, मीना पत्नी प्रेम और रोशनी पुत्री प्रेम, तीनों नेपाली नागरिक की भी हादसे में मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे में मां-बेटे सहित पांच लोगों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को जारी की फाैरी राहत
प्रशासन की ओर से प्रभावितों को फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। तहसीलदार टिक्कर प्रियंजली और नायब तहसीलदार टिक्कर मेहर सिंह फिष्टा ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को फौरी राहत के रूप में 15-15 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है।
कार के उड़ गए परखच्चे
जानकारी के अनुसार मां और बेटा शनिवार सुबह कार में नेपाली मजदूरों को घास काटने के लिए गांव लेकर जा रहे थे। इसी दाैरान कार सड़क से नीचे गिर गई। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पहाड़ी सड़क घुमावदार है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कार सड़क के ऊपर वाले हिस्से से गिरकर नीचे पहुंच गई। हादसे के बाद माैके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास माैजूद स्थानीय लोग तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और पुलिस को भी सूचित किया।
मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की माैत पर जताया शोक
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला जिले के रोहड़ू पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत दरोटी के पनू नाला के समीप हुए सड़क हादसे में पांच लोगों की माैत तथा एक व्यक्ति के घायल होने पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने तथा घायल व्यक्ति को बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है। मुख्यमंत्री ने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।