फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   AI Bubble Explained: Are Billions of Dollars In Artificial Intelligence Creating Financial Bubble

एआई: क्या है एआई बबल? बेहिसाब निवेश, जमीनी हकीकत और भविष्य को लेकर क्या है संकट?

Tue, 27 Oct 2026 08:48 AM IST
संकल्प प्रकाश सिंह स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: संकल्प प्रकाश सिंह Updated Tue, 27 Oct 2026 08:48 AM IST
विज्ञापन
सार
एआई में कई कंपनियां अरबों डॉलर का निवेश कर रही हैं लेकिन क्या इस निवेश से होने वाली कमाई भी उसी रफ्तार से बढ़ रही है? यही सवाल एआई बबल को लेकर चिंता बढ़ा रहा है।
loader
AI Bubble Explained: Are Billions of Dollars In Artificial Intelligence Creating Financial Bubble
AI Bubble - फोटो : Amar Ujala AI Generated

विस्तार

इन दिनों हर तरफ एआई को लेकर काफी चर्चा है। कोई इसे दुनिया बदलने वाली तकनीक बता रहा है, तो कुछ एक्सपर्ट का यह तक कहना है कि ये तकनीक दशक के अंत तक इंसानों को खत्म कर सकती है। गूगल, मेटा, ओपनएआई जैसी बड़ी टेक कंपनियां इस दौड़ में अपनी पूरी ताकत झोंक रही हैं। अरबों डॉलर के निवेश हो रहे हैं, नए स्टार्टअप सामने आ रहे हैं और एआई को लेकर उम्मीदें लगातार बढ़ रही हैं। हालांकि, गौर करने वाली बात ये है कि इस चमकती तस्वीर के पीछे एक ऐसा सवाल भी खड़ा है, जिसे नजरअंदाज करना आसान नहीं है। क्या एआई से होने वाली कमाई और उसकी वास्तविक कारोबार करने की क्षमता उतनी ही बड़ी है, जितनी बड़ी उम्मीदें उससे लगाई जा रही हैं? 



इसी सिलसिले में इन दिनों एआई बबल काफी चर्चा में है। कई विशेषज्ञ सवाल उठा रहे हैं कि क्या बाजार वाकई एआई की असली ताकत को पहचान रहा है या सिर्फ उम्मीदों के सहारे इस क्षेत्र में निवेश कर रहा है। 

क्या है एआई बबल?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर उम्मीदें इतनी बढ़ गई हैं कि निवेशक और कंपनियां इस तकनीक पर भारी-भरकम पैसा लगा रहे हैं। वहीं सवाल यह है कि क्या एआई से होने वाली कमाई भविष्य में इन निवेशों को सही साबित कर पाएगी? अगर उम्मदें हकीकत में नहीं बदलीं, तो इस तेजी का टिक पाना मुश्किल हो सकता है। इसी आशंका को एआई बबल कहा जा रहा है।

एआई बबल को लेकर सबसे बड़ी चिंता इस तकनीक की क्षमता नहीं बल्कि इसमें लगाए जा रहे पैसों और इससे होने वाली कमाई के बीच का अंतर है। एआई को विकसित करने के लिए कंपनियां डाटा सेंटर, सेमीकंडक्टर और कंप्यूटिग पावर पर अरबों डॉलर खर्च कर रही हैं। जेपी मॉर्गन चेज के विश्लेषकों के अनुमान के मुताबिक 2030 तक एआई इंफ्रास्ट्रक्चर पर करीब 5 ट्रिलियन डॉलर खर्च हो सकते हैं। वहीं अमेजन, अल्फाबेट, मेटा और माइक्रोसॉफ्ट जैसी चार बड़ी टेक कंपनियों ने 2026 में इस दिशा में लगभग 670 अरब डॉलर निवेश करने की योजना बनाई है।

अब सवाल यह है कि जब एआई पर इतना बड़ा निवेश हो रहा है, तो क्या इससे होने वाली कमाई भी उसी रफ्तार से बढ़ रही है? ओपनएआई और एंथ्रोपिक जैसी कंपनियों की कमाई तेजी से बढ़ रही है लेकिन पूरे इंफ्रस्ट्रक्चर पर होने वाले खर्च की तुलना में कमाई का स्तर अभी भी एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। अगर भविष्य में एआई से होने वाली कमाई उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ी तो कंपनियों के लिए अपने भारी निवेश को सही साबित करना मुश्किल हो सकता है।

AI Bubble
AI Bubble - फोटो : Amar Ujala AI Generated

एआई बबल फूटा तो दुनिया की अर्थव्यवस्था पर क्या होगा असर?

आईएमएफ की रिपोर्ट के मुताबिक अगर एआई पर हो रहा भारी-भरकम निवेश भविष्य में उम्मीद के मुताबिक कमाई और उत्पादकता बढ़ाने में नाकाम रहता है, तो इसका असर केवल टेक कंपनियों तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था को झटका लग सकता है। रिपोर्ट के अनुमानों के अनुसार एआई बबल फूटने की स्थिति में 2028 तक वैश्विक जीडीपी में 0.4 से 1.1 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है।

इस संभावित नुकसान के पीछे कई वजहें हो सकती हैं। एआई कंपनियों के शेयरों की कीमतें गिरने से निवेशकों को भारी नुकसान हो सकता है। इसके अलावा कंपनियां नए प्रोजेक्ट्स पर खर्च घटा सकती हैं और कर्ज देने वाले संस्थान भी अधिक सतर्क हो सकते हैं। इसका नतीजा यह होगा कि कारोबार में निवेश की रफ्तार धीमी पड़ सकती है, जिसका असर आर्थक विकास पर दिखाई देगा। इस जोखिम को कम करने के लिए आईएमएफ ने दुनिया भर के वित्तीय नियामकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

एनवीडिया की चिप्स पर टिकी एआई की दौड़

एआई में हो रहे इस भारी निवेश को समझने के लिए एनवीडिया की भूमिका के बारे में भी समझना जरूरी है। आज इस कंपनी के चिप्स एआई मॉडल को ट्रेन करने और उन्हें चलाने वाले कंप्यूटिंग सिस्टम का अहम हिस्सा हैं। इसे एक उदाहरण से समझिए जब किसी इलाके में सोने की खोज शुरू होती है, तो हर व्यक्ति को सोना मिलना जरूरी नहीं है। हालांकि, सोने की खोज करने वालों को औजार बेचने वाले कारबारियों को इससे फायदा खूब होता है। एआई की दौड़ में एनवीडिया की भूमिका को इसी तरह समझा जा सकता है।

माइक्रोसॉफ्ट, गूगल और मेटा जैसी दिग्गज कंपनियां एआई की दौड़ में पीछे न रह जाएं, इसलिए एनवीडिया के महंगे चिप्स पर अरबों डॉलर खर्च कर रही हैं। इससे एनवीडिया के कारोबार और शेयर बाजार में उसकी कीमत को जबरदस्त बढ़ावा मिला है। हालांकि, एक अहम सवाल ये है कि एआई इंफ्रास्ट्रक्चर पर इतना पैसा लगाने वाली कंपनियां आखिर इससे कितनी कमाई कर पा रही हैं? अगर एआई से होने वाला रेवेन्यू निवेश की रफ्तार के बराबर नहीं बढ़ा, तो कंपनियों के लिए इस खर्च को सही ठहराना मुश्किल हो सकता है।

वर्तमान में एआई की बढ़ती मांग इस पूरे बाजार को सहारा दे रही है। वहीं अगर कंपनियों ने चिप्स की खरीद घटा दी या मुनाफे की उम्मीदें पूरी नहीं हुईं, तो आज का ऊंचा वैल्यूएशन दबाव में आ सकता है और यही सब चीजें एआई बबल को लेकर सबसे बड़ी चिंताओं में से एक हैं।

एआई को लेकर सबसे जरूरी बात यह समझना है कि किसी तकनीक का उपयोगी होना और उसमें निवेश करने वाली हर कंपनी का सफल होना एक ही बात नहीं है। इंटरनेट ने दुनिया बदल दी लेकिन इंटरनेट के शुरुआती दौर में निवेशकों की हर उम्मीद सही साबित नहीं हुई थी। कई कंपनियां सफल हुईं, जबकि कई दूसरी कंपनियां बाजार से ही बाहर हो गईं। एआई के मामले में भी यही अंतर समझना जरूरी है। यह तकनीक कारोबार, शिक्षा, स्वास्थ्य, रिसर्च और दूसरे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकती है।

वहीं इसका ये अर्थ नहीं है कि आज एआई से जुड़ी हर कंपनी का वैल्यूएशन सही है या हर निवेश से भविष्य में पर्याप्त मुनाफा मिलेगा। आने वाले समय में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि एआई कंपनियों की कमाई कितनी बढ़ती है, कारोबार में उत्पादकता कितनी सुधरती है और डाटा सेंटर तथा चिप्स पर होने वाला भारी खर्च किस हद तक वास्तविक आर्थिक लाभ में बदल पाते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed