न्यूज डायरी: सीएम बोले- मणिपुर में 36 समुदायों की शांति समिति बनेगी; केरल में यूट्यूबर की सांप्रदायिक टिप्पणी
-
- 1
-
Link Copied
मणिपुर के मुख्यमंत्री युम्नाम खेमचंद सिंह ने कहा है कि सरकार 36 समुदायों का प्रतिनिधित्व करने वाली एक समिति बनाएगी। यह समिति संघर्षग्रस्त क्षेत्र में शांति, सद्भाव और समावेशी विकास को बढ़ावा देगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह प्रस्ताव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक सवाल के बाद आया है। खेमचंद सिंह इंफाल में पहाड़ी मुखियाओं के सम्मान समारोह में बोल रहे थे। यह समारोह मेरा हाउ चोंगबा महोत्सव 2026 के तहत पहाड़ी मुखिया अतिथि गृह के उद्घाटन के बाद हुआ। शनिवार को मुख्यमंत्री ने मणिपुर की रक्षा में सभी समुदायों के योगदान को भी याद किया। उन्होंने त्योहार से शांति और भाईचारे की भावना मजबूत होने की उम्मीद जताई। उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों की भागीदारी पर खुशी व्यक्त की। यह पहाड़ियों और घाटी के बीच भाईचारे का प्रतीक है।
यूट्यूबर अमृत सिंह डैरेन पर सांप्रदायिक टिप्पणी मामले में केस
यूट्यूबर अमृत सिंह डैरेन के खिलाफ सांप्रदायिक टिप्पणी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। डैरेन ने इंस्टाग्राम वीडियो में दावा किया था कि फोर्ट कोच्चि के काशि आर्ट कैफे में मुहम्मद अली जिन्ना की मूर्ति लगी है और वहां बीफ परोसा जाता है। फोर्ट कोच्चि पुलिस ने यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2) और 192 के तहत दर्ज किया है। एफआईआर में कहा गया है कि आरोपी के कार्यों से सार्वजनिक शांति भंग हो सकती है और धार्मिक समुदायों में नफरत फैल सकती है। इस वीडियो को लेकर समाज में व्यापक आलोचना हुई। मुख्यमंत्री वी डी सतीशन और विपक्ष के नेता पिनाराई विजयन ने भी इसकी कड़ी निंदा की। सतीशन ने कहा कि केरल में सांप्रदायिक घृणा के लिए कोई जगह नहीं है, जबकि विजयन ने कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया से जुड़े स्टिंग ऑपरेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने के सिलसिले में दिल्ली के युवक को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में यह पहली गिरफ्तारी है। उन्होंने बताया कि रितेश पांडे नाम के युवक को बंगलूरू पुलिस की केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) ने दिल्ली में पकड़ा और पूछताछ के लिए बंगलूरू ले आई। बाद में पांडे को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे इस शर्त पर जमानत दे दी गई कि वह जांच में सहयोग करेगा। सूत्रों ने बताया कि पुलिस को संदेह है कि उसने एक पुराने मोबाइल फोन के जरिये स्टिंग का वीडियो अपलोड किया था। उन्होंने कहा कि पुलिस डिजिटल ट्रेल की जांच कर रही है कि वीडियो किसने अपलोड किया, इसे सोशल मीडिया पर कैसे प्रसारित किया गया और इसके पीछे कौन लोग थे। पुलिस जांच कर रही है कि वीडियो रिकॉर्ड करने में कौन-कौन लोग शामिल थे।
अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले के विजयनगर इलाके में शोधकर्ताओं ने ओफियोर्रिजा शिदिएंसिस व ओफियोर्रिजा पेमाई नामक पौधों की दो नई प्रजातियों की खोजी हैं। यह खोज शोधकर्ता कृष्णा चोलू, रॅथलेई लालनुनफेली और डॉ. विनय कुमार साहनी द्वारा किए गए वानस्पतिक सर्वेक्षण के दौरान की गई। दोनों नई प्रजातियां रुबियासी परिवार से संबंधित हैं। इस खोज से अरुणाचल प्रदेश के सुदूर और पारिस्थितिक रूप से समृद्ध क्षेत्रों में छिपी प्राकृतिक संपदा और समृद्ध वानस्पतिक विरासत एक बार फिर दुनिया के सामने की है।
गुजरात में उदयपुर सिटी-सूरत वंदे भारत पर पत्थर फेंकने के मामले में बिहार के तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। रेलवे पुलिस निरीक्षक दिनेश यादव ने शनिवार को बताया कि पूछताछ में युवकों ने कबूला कि वे यहां मजदूरी करने आए थे और मस्ती-मजाक के दौरान ट्रेन पर पत्थर फेंके थे। घटना 18 अक्तूबर की रात करीब 11:30 बजे उत्राण और सूरत के बीच हुई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गोलू कुमार चौधरी (22), संदेश कुमार (18) और मंतोष मुखिया (18) को गिरफ्तार किया।
कर्नाटक: मां ने कर्ज के दबाव में बच्चों को जहर दिया, मां-बेटी की मौत
धारवाड़ में कर्ज चुकाने के दबाव से परेशान एक महिला ने शनिवार को अपने तीन बच्चों को जहर दे दिया। उसने खुद भी जहर खा लिया। पुलिस के अनुसार, इस घटना में सविता (42) और उसकी बड़ी बेटी निवेदिता उर्फ गदिगेव्वा (8) की मौत हो गई। दोनों ने हुबली के कर्नाटक आयुर्विज्ञान संस्थान (KIMS) अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सविता की दो अन्य बेटियां, भाग्यलक्ष्मी (6) और हर्षिता (9), अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। उनका उपचार जारी है। यह घटना धारवाड़ जिले के कराडिगुड्डा गांव की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सविता ने स्वयं सहायता समूहों से कर्ज लिया था। उसने तीन लाख रुपये के लिए कृषि भूमि गिरवी रखी थी। साथ ही, दो लाख रुपये का निजी कर्ज भी लिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बंगलूरू कचरा टेंडर में 133 करोड़ की अनियमितता का आरोप
कर्नाटक के भाजपा नेता आर अशोका ने राजधानी बंगलूरू के 133 करोड़ रुपये के कचरा प्रबंधन टेंडर में अनियमितता का आरोप लगाया। उन्होंने अयोग्य कंपनी को ठेका देने की जांच मांगी। अशोका ने कहा कि मुनियप्पा एंटरप्राइजेज वित्तीय मानदंड पूरे नहीं करती थी। कंपनी का कारोबार 3.34 करोड़ रुपये था, जबकि 10 करोड़ रुपये अनिवार्य था। वित्त विभाग की चेतावनी के बावजूद करीब 12.99 करोड़ रुपये के अतिरिक्त सुरक्षा जमा नहीं लिए गए। उन्होंने अधिकारियों पर प्रक्रियाएं दरकिनार करने और मंत्री की भूमिका का आरोप लगाया। अशोका ने उच्च स्तरीय या लोकायुक्त जांच की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री को टेंडर रद करने के लिए पत्र लिखने की बात कही। उन्होंने कचरा संग्रह शुल्क में वृद्धि की भी आलोचना की, जो 40 रुपये से बढ़कर 400 रुपये हो गया है। शनिवार को लगाए गए इन आरोपों पर सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
मशहूर शेफ दामू का 72 वर्ष की उम्र में निधन
मशहूर शेफ और टेलीविजन हस्ती के. दामोदरन, जिन्हें शेफ दामू के नाम से जाना जाता था, का रविवार को चेन्नई के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि दामू का निधन पाक कला जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने दिवंगत शेफ के परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और उनके प्रशंसकों के प्रति संवेदना जताई।
बर्तन धोने से पद्मश्री तक का सफर
दामू ने अपने करियर की शुरुआत बर्तन धोने से की थी और अपनी प्रतिभा व मेहनत के दम पर भारतीय पाक कला जगत में विशिष्ट पहचान बनाई। पाक कला में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2025 में प्रतिष्ठित पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। दिसंबर 2010 में उन्होंने लगातार 24 घंटे से अधिक समय तक खाना बनाते हुए 617 व्यंजन तैयार किए और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया। टेलीविजन पर वह लोकप्रिय तमिल रियलिटी शो ‘कुकू विद कोमाली’ में एक स्नेहपूर्ण और उत्साह बढ़ाने वाले जज के रूप में खासे लोकप्रिय थे। उन्होंने टेलीविजन के माध्यम से पाक कला को आम लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।