जम्मू में लगी आग: पटाखों की चिंगारी ने छीन ली व्यापारियों की दिवाली की खुशियां, रात वेयरहाउस में मची चीख-पुकार
दिवाली की रात जम्मू के वेयरहाउस स्थित नेहरू मार्केट की अनाज मंडी में पटाखों की चिंगारी से भीषण आग लग गई जिसकी चपेट में कई दुकानें आ गईं। आग बुझाने के लिए 14 दमकल केंद्रों से 25 से अधिक वाहन लगाए गए।
विस्तार
दीपावली की रात जहां शहर में आतिशबाजी और रोशनी के बीच जश्न का माहौल था वहीं जम्मू के वेयरहाउस स्थित नेहरू मार्केट की अनाज मंडी में भीषण आग ने व्यापारियों की खुशियों को मातम में बदल दिया। पटाखों की चिंगारी से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसे बुझाने के लिए 14 दमकल केंद्रों से 25 से अधिक दमकल वाहनों को मौके पर तैनात करना पड़ा। दमकल विभाग, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल देर रात तक आग पर काबू पाने में जुटे रहे।
जानकारी के अनुसार दुकानों के बाहर रखी कॉटन और झाड़ू में पटाखों की चिंगारी से आग लगी। दुकान नंबर 51 और 52 से आग की शुरुआत होने की बात सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 9:15 बजे दुकानों के पास चिंगारियां दिखाई देने लगी थीं। इसके बाद दुकानदारों को फोन कर सूचना दी गई और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। हालांकि कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की दुकानों तक फैल गई।
आग की चपेट में आई दुकानों में घी, तेल, ड्राई फ्रूट, दालें, मिर्च और अन्य किराना सामान का भारी भंडार रखा हुआ था। ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। व्यापारियों के अनुसार, शुरुआती समय में आग पर काबू पाया जा सकता था, लेकिन उनका आरोप है कि मौके पर दमकल विभाग की छोटी गाड़ी भेजी गई। उनका कहना है कि यदि शुरुआत में ही बड़ी दमकल गाड़ी पहुंच जाती तो नुकसान को कम किया जा सकता था।
आग की सूचना मिलते ही गंग्याल, गांधी नगर, पक्का डंगा समेत शहर के विभिन्न दमकल केंद्रों से गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। बाद में गांधीनगर मुख्यालय के अलावा गंग्याल, रूपनगर, बड़ी ब्राह्मणा, आरएस पुरा, कैनाल, अखनूर, बिश्नाह, सांबा और विजयपुर से भी दमकल वाहनों को बुलाया गया। आग बुझाने के लिए पानी के टैंकरों के साथ फोम का भी इस्तेमाल किया गया। एसडीआरएफ की टीमें भी राहत एवं बचाव कार्य में जुटीं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंडलायुक्त और जम्मू के उपायुक्त भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। दमकल वाहनों की आवाजाही और राहत कार्य में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए पुलिस ने विक्रम चौक से वेयरहाउस की ओर जाने वाला रास्ता बंद कर दिया।
दमकल विभाग की देरी पर व्यापारियों ने उठाए सवाल
आग बुझाने में देरी को लेकर वेयरहाउस के प्रधान ने दमकल विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि आपातकालीन कॉल मिलने के करीब डेढ़ घंटे बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने संबंधित दमकल अधिकारी को निलंबित किए जाने तक वेयरहाउस बंद रखने की चेतावनी भी दी। हालांकि, दमकल एवं आपातकालीन सेवा विभाग ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें भ्रामक और तथ्यहीन बताया है।
विभाग ने बताया कि पहली आग पर टीमें पहले से ही काम कर रही थीं। इसी दौरान दूसरी जगह आग लगने से अतिरिक्त दमकल वाहनों की व्यवस्था करनी पड़ी। आग की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न दमकल केंद्रों से अतिरिक्त टीमें और फोम से लैस क्विक रिस्पांस वाहन भी भेजा गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि डेढ़ घंटे की देरी का दावा वास्तविक घटनाक्रम के विपरीत है। साथ ही मीडिया संस्थानों से अपील की कि आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी खबरें प्रकाशित करने से पहले आधिकारिक जानकारी की पुष्टि करें।
शहर के अन्य इलाकों में भी आग की घटनाएं
दीपावली की रात जम्मू के अन्य इलाकों से भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं। कैनाल रोड पर एसपीएमआर कॉमर्स कॉलेज के पास एक घर में आग लगने की सूचना मिली। वहीं, त्रिकुटा नगर स्थित गार्डन एस्टेट बैंक्वेट हॉल में भी आग की घटना सामने आई। इसके अलावा पहाड़ी मोहल्ले में भी आग लगने से लोगों में चिंता का माहौल रहा।
फिलहाल वेयरहाउस की दुकानों में लगी आग पर काबू पाने के प्रयास जारी रहे। आग से कितनी दुकानों और कितने सामान का नुकसान हुआ है, इसका वास्तविक आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही हो सकेगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.