लखनऊ में भीषण बस हादसा: आगरा एक्सप्रेस-वे पर 40 फीट गहरी खंती में पलटी बस, तीन यात्रियों की मौत; 40 लोग घायल
डीसीपी पश्चिम जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बस में 52 यात्री सवार थे। इनमें से 29 घायलों को लोकबंधु अस्पताल और 13 को मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। लोकबंधु अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने एक यात्री को मृत घोषित कर दिया।
विस्तार
लखनऊ के पारा इलाके में आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट के पास सोमवार सुबह यात्रियों से भरी तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट गहरी खंती में पलट गई। भीषण हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में छोटे बच्चे भी शामिल हैं।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।
इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह के अनुसार, बस राजस्थान के भिवाड़ी से बिहार के छपरा जा रही थी। जीरो पॉइंट के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। शुरुआती जानकारी में बस का पिछला टायर फटने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। बस में सवार यात्रियों को बाहर निकालकर लोकबंधु अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
डीसीपी पश्चिम जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बस में 52 यात्री सवार थे। इनमें से 29 घायलों को लोकबंधु अस्पताल और 13 को मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। लोकबंधु अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने एक यात्री को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य की उपचार के दौरान मौत हो गई। एक यात्री की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत होने की जानकारी भी सामने आई है। हादसे में मृतकों की संख्या तीन बताई गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, यह बस राजस्थान के भिवानी से बिहार के छपरा जिले के लिए जा रही थी। यात्रियों का आरोप है कि राजस्थान से लेकर लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे तक पहुंचने के दौरान चालक और परिचालक ने कई जगह रुककर शराब पी थी। यात्रियों का कहना है कि चालक अत्यधिक नशे में था, जिसके कारण तेज रफ्तार बस जीरो पॉइंट के पास बेकाबू होकर खंती में पलट गई।
घायलों में दो छोटी बच्चियां भी शामिल
हादसे में घायल यात्रियों में बिहार के वैशाली जिले की चांदनी और उनकी दो वर्षीय बेटी आरोही व तीन वर्षीय बेटी संध्या शामिल हैं। इनके अलावा गोपालगंज के बलविंदर (45), जगदीश राम (47), औरंगाबाद के पप्पू तिवारी (19), छपरा के रामविलास (50), आजमगढ़ के अभिषेक (26) और देवलस (39), महाराजगंज के श्यामदेव (24) तथा देवरिया के साहिल निषाद और योगी घायल हुए हैं।
इनकी हुई मौत
बिहार के छपरा निवासी शंकर रज्जक (63), छपरा निवासी शामली राय (43) और 35 वर्षीय एक युवक की मौत हुई है।
क्रेन की मदद से निकाली गई बस
डीसीपी ने बताया कि खाई में गिरी बस को निकालने के लिए क्रेन बुलानी पड़ी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से पहले बस को सीधा किया गया और फिर खाई से बाहर निकाला गया।
यात्रियों का सामान थाने पहुंचाया गया
डीसीपी ने बताया कि सभी यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। बस में उनका सामान रखा हुआ था। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से सामान निकलवाकर पारा थाने में रखवा दिया है।
छठ के लिए जा रहे थे सभी यात्री
बस में सवार यात्रियों से बातचीत में पता चला कि सभी राजस्थान में अलग-अलग जगहों पर काम करते थे। छठ पूजा में शामिल होने के लिए सभी रविवार शाम निजी बस से रवाना हुए थे।
यात्रियों का आरोप, शराब के नशे में थे चालक और परिचालक
छपरा के मुबारकपुर गांव निवासी रविंद्र मांझी, अभिषेक, सिवान के विलासपुर गांव निवासी सीमा देवी, उनकी बेटी नीलू, प्रियांशु, भांजे अंकित समेत कई यात्रियों ने बस चालक और परिचालक पर गंभीर आरोप लगाए। यात्रियों का कहना था कि राजस्थान से लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे तक पहुंचने के दौरान चालक ने कई जगह बस रोककर शराब पी थी।
आरोप है कि चालक अत्यधिक नशे में था, जिसके चलते बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। कुछ यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि तेज रफ्तार से बस चलाने का विरोध करने पर चालक का उनसे दो-तीन बार विवाद हुआ था। चालक ने विरोध करने वाले यात्रियों को बस से उतारने की धमकी भी दी थी।
बस हादसे के बाद एक्शन में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण बस हादसे के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अपर मुख्य सचिव गृह, परिवहन आयुक्त और यूपीडा के सीईओ को पत्र लिखकर हादसों की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई करने और नियमों को सख्त बनाने को कहा है। डिप्टी सीएम ने संबंधित अधिकारियों को एक्सप्रेसवे पर यातायात सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
