मंडला में हादसा: गणेश पंडाल में करंट फैलने से चार की मौत, विसर्जन के बाद थककर सो रहे थे लोग; सीएम ने जताया दुख
मंडला के नैनपुर क्षेत्र के हीरापुर गांव में गणेश विसर्जन के बाद पंडाल में सो रहे युवकों के बीच करंट फैलने से चार युवकों की मौत हो गई। तीन घायल हैं, जिनमें एक को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे पर मुख्यमंत्री ने गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं।
विस्तार
मंडला के नैनपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव के खिरका मोहल्ले में गणेश विसर्जन के बाद पंडाल में सो रहे युवकों के साथ करंट फैलने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हुए हैं। बिजली का तार टूटकर गिरने से करंट फैलने की बात सामने आ रही है।
जानकारी के मुताबिक, गणेश विसर्जन के बाद पंडाल में करीब 7 से 8 युवक सो रहे थे। शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे पंडाल में करंट फैल गया। इसकी चपेट में आने से चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बिजली कंपनी की टीम मामले की जांच कर रही है कि हादसे की वास्तविक वजह बिजली का तार टूटना थी या शॉर्ट सर्किट।
पढ़ें: बैतूल में डीजे की तेज आवाज के बीच छात्रा की मौत, गणेश दर्शन के दौरान अचानक चक्कर खाकर गिरी थी
मृतकों की पहचान जैनू भांवरे (19), रवि झारिया (24), कृष्ण कुमार भांवरे (18) और वीरेंद्र भांवरे (24) के रूप में हुई है। घायलों में प्रियांशु शामिल है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, दो घायलों का नैनपुर अस्पताल में उपचार चल रहा है। गणेश प्रतिमा हीरापुर गांव के खिरका मोहल्ले में स्थापित की गई थी। हादसे की सूचना मिलते ही नैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि चार युवकों के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है और इस दुख की घड़ी में सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ी है।
मंत्री संपतिया उईके पहुंचीं हीरापुर
कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके भी हीरापुर गांव पहुंचीं और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। मंत्री ने जिला स्तर से मृतकों के चारों परिवारों के एक-एक सदस्य को आउटसोर्सिंग के माध्यम से रोजगार दिलाने की बात कही है। हादसे के बाद पूरे हीरापुर गांव में शोक की लहर है। गणेश विसर्जन के बाद जहां गांव में उत्सव का माहौल था, वहीं कुछ ही देर में चार परिवारों में मातम पसर गया। हादसे ने पूरे गांव की खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया।
