{"_id":"6ae5f6365093f068cd044977","slug":"asi-suspended-for-misbehaving-with-and-assaulting-villagers-this-is-the-third-such-disciplinary-action-against-him-shahdol-news-c-1-1-noi1220-4892459-2026-10-31","type":"story","status":"publish","title_hn":"शहडोल में एएसआई की गुंडागर्दी: ग्रामीणों से अभद्रता पर तीसरी बार निलंबित, शराब के नशे में मारपीट का आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शहडोल में एएसआई की गुंडागर्दी: ग्रामीणों से अभद्रता पर तीसरी बार निलंबित, शराब के नशे में मारपीट का आरोप
Sat, 31 Oct 2026 08:53 PM IST
शहडोल ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल
Published by: शहडोल ब्यूरो
Updated Sat, 31 Oct 2026 08:53 PM IST
सार
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के कार्यक्रम के दौरान आदिवासी ग्रामीणों से अभद्रता और मारपीट के मामले में एएसआई को निलंबित कर दिया गया है। ग्रामीणों ने उन पर शराब के नशे में विवाद करने, गाली-गलौज और मुर्गे छीनने के आरोप लगाए हैं।
विज्ञापन
ग्रामीणों से बहस करता पुलिसकर्मी
विस्तार
जिले के जयसिंहनगर जनपद पंचायत क्षेत्र के बनसुकली में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात सहायक उपनिरीक्षक (ASI) दीपक सिंह परिहार विवादों में घिर गए। आदिवासी ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज, अभद्रता और मारपीट करने के आरोपों के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने उन्हें निलंबित कर दिया है। खास बात यह है कि संबंधित पुलिसकर्मी पर यह तीसरी बार निलंबन की कार्रवाई हुई है। इससे पहले भी वह दो बार निलंबित हो चुका है। पुलिसकर्मी सीधी थाने में पदस्थ था।
विज्ञापन
मामला शुक्रवार को आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के कार्यक्रम का है। कार्यक्रम में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए थे। सीधी थाने में पदस्थ एएसआई दीपक सिंह परिहार की कार्यक्रम में सुरक्षा ड्यूटी लगाई गई थी। आरोप है कि वह ड्यूटी छोड़कर दूसरी जगह पहुंच गए और शराब के नशे में ग्रामीणों से विवाद करने लगे। इस दौरान उनके द्वारा गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: इंदौर: लिव-इन में रह रही महिला की संदिग्ध मौत, फ्लैट में पड़ा मिला शव, पोस्टमार्टम से खुलेगा राज
विज्ञापन
मुर्गे छीनने और मांगने का आरोप
मामले में बीच-बचाव करने पहुंचे जिला पंचायत सदस्य गुजरात सिंह के साथ भी एएसआई द्वारा अभद्रता और हाथापाई किए जाने की शिकायत सामने आई है। अमड़ीह निवासी तोकीदाद ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि एएसआई ने उनके कर्मचारियों से जबरन चार मुर्गे छीन लिए और 10 मुर्गों की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर गाली-गलौज और अभद्रता की गई।
एसपी के सामने पहुंचा मामला
जिला पंचायत सदस्य गुजरात सिंह ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के कार्यक्रम में मौजूद पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के सामने पूरे मामले को उठाया। शिकायत और घटना से जुड़े वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करते हुए एएसआई दीपक सिंह परिहार को निलंबित कर दिया। संबंधित पुलिसकर्मी पर पूर्व में भी दो बार निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है। इस तरह यह तीसरा मौका है, जब उन्हें निलंबित किया गया है।
