लुधियाना में प्रॉपर्टी डीलर पर हमला: हमलावरों ने परिवार के साथ रेस्टोरेंट पर घेरा, जमकर की फायरिंग
पंजाब के लुधियाना में प्रॉपर्टी डीलर पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार के साथ रोस्टोरेंट पर आया था जहां हमलावरों ने घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग की।
विस्तार
लुधियाना शहर के ढोलेवाल इलाके में बुधवार देर रात एक प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित जगजोत सिंह के अनुसार, इनोवा और स्कॉर्पियो में सवार करीब आठ युवकों ने उन्हें घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। आरोप है कि हमलावरों ने उनकी कार के अंदर भी फायरिंग की। इस दौरान जगजोत की मां मंजीत कौर और साढ़े तीन साल का बेटा भी उनके साथ मौजूद थे। किसी तरह कार भगाकर जान बचाने के बाद घायल जगजोत सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
पीड़ित जगजोत सिंह ने थाना डिवीजन नंबर छह की पुलिस को शिकायत दी है। जगजोत ने हमले के पीछे पुरानी राजनीतिक रंजिश होने का आरोप लगाया है।
रेस्टोरेंट के बाहर घेरकर किया हमला
पीड़ित ने बताया वह बुधवार देर रात अपनी मां मंजीत कौर और साढ़े तीन साल के बेटे के साथ मैगी पॉइंट रेस्टोरेंट पहुंचे थे। वे कार में बैठकर खाना खा रहे थे। खाना खाने के बाद जब वह पानी की बोतल लेने और काउंटर पर भुगतान करने के लिए कार से नीचे उतरे, तभी करीब आठ युवक वहां पहुंचे और उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।पीड़ित के अनुसार, जान बचाने के लिए वह तुरंत कार में बैठ गए, लेकिन हमलावरों ने कार की खिड़कियों के पास पहुंचकर अंदर की तरफ भी फायरिंग की। इसके बाद वह किसी तरह गाड़ी भगाकर वहां से निकलने में कामयाब रहे।
दस्तार पर दातर से वार करने का आरोप
पीड़ित ने जगजोत सिंह ने आरोप लगाया कि अमृतधारी होने के कारण हमलावरों ने उनकी दस्तार पर दातर से वार किए। उन्होंने सिर पर हथियार से हमला करने, बाल काटने और पिस्तौल के बट से चोट पहुंचाने का भी आरोप लगाया। बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी मां मंजीत कौर के चेहरे पर भी चोटें आई हैं।
पुलिस ने खाली खोल कब्जे में लिए
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार के अंदर से .45 बोर के खाली कारतूस के खोल सहित अन्य साक्ष्य कब्जे में लिए हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है। पुलिस मामले में हमले के कारणों और पुरानी राजनीतिक रंजिश के आरोपों की भी जांच कर रही है।