दोस्त ने पांच लाख रुपये में दी हत्या की सुपारी: 24 लाख रुपये और अवैध संबंधों के चलते हुई वारदात, खुलासा
सीतापुर के युवक नितेश की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। नितेश की हत्या उसके दोस्त मनोज ने ही की थी। एसपी रवीना त्यागी ने मामले का खुलासा किया। वारदात में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
विस्तार
सीतापुर के युवक नितेश मौर्य की हत्या 24 लाख रुपये हड़पने व एक महिला से अवैध संबंधों के कारण की गई। हत्या के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। पुलिस ने साजिश रचने वाले गांव के ही दोस्त मनोज मौर्य व अंकित समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि करीब इतने ही अन्य लोग पुलिस के रडार पर हैं। शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में एसपी रवीना त्यागी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हत्याकांड का खुलासा किया।
एसपी ने बताया कि सीतापुर के सदरपुर क्षेत्र के सरैंया महिपतपुर गांव निवासी नितेश कुमार मौर्य की गांव के ही मनोज मौर्य से दोस्ती थी। मनोज ने आरओ प्लांट लगाने के लिए नितेश से 14 लाख रुपये उधार लिए थे। इसके अलावा दोनों साथ में ही धान खरीद का कारोबार करते थे। इस कारोबार के 10 लाख रुपये भी मनोज ने हड़प लिए थे।
नितेश रुपये मांग रहा था, जिससे मनोज उससे परेशान था। नितेश की बातचीत क्षेत्र की एक युवती से होती थी। उसी युवती से मनोज के साथ काम करने वाले सीतापुर के रामपुर कला के सरैंया कादीपुर गांव निवासी अंकित गुप्ता के भी संबंध थे। इसको लेकर अंकित की नितेश से रंजिश हो गई थी। रुपये के विवाद और महिला से संबंधों की इसी रंजिश में मनोज और अंकित ने नितेश को रास्ते से हटाने के लिए हत्या की साजिश रची।
मनोज ने रामपुर मथुरा के फरीदपुर निवासी दीपू उर्फ दिलीप को नितेश की हत्या के लिए पांच लाख रुपये सुपारी दी। दीपू ने महमूदाबाद के शेहारुखेड़ा गांव निवासी अमरेंद्र वर्मा समेत अन्य लोगों को मिलाया। वारदात को अंजाम देने के लिए दीपू ने सीतापुर से किराये पर काली स्कॉर्पियो ली। 29 अक्तूबर को नितेश लखनऊ के बख्शी का तालाब में बहन के यहां से सीतापुर लौट रहा था। उसकी रैकी की जा रही थी।
बाराबंकी के बड्डूपुर में डफरपुर चौराहे के पास दीपू व उसके साथियों ने नितेश का अपहरण कर लिया। उसकी बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी और उसे लेकर सीतापुर के पिसावां क्षेत्र में चले गए। वहां धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया।
एसपी रवीना त्यागी ने बताया कि पुलिस ने मनोज, अंकित, दीपू और अमरेंद्र को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक कार बरामद की गई है, जिसे दीपू ने सुपारी में मिले पैसों से फाइनेंस कराया था। वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.