गाजीपुर: हाईवे कट के पास खड़ी पिकअप में घुसी कार, एक की मौत; हादसे में दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल
जिले के रामपुर बन्तरा हाईवे कट के पास सोमवार रात सड़क किनारे खड़ी पिकअप में तेज रफ्तार बलेनो कार पीछे से टकरा गई। हादसे में गोरखपुर निवासी एक युवक की रास्ते में मौत हो गई। उनके साथ सवार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
विस्तार
रामपुर बन्तरा हाईवे कट के पास सोमवार रात सड़क किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से तेज रफ्तार बलेनो कार टकरा गई। हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल स्थित मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था। रास्ते में एक घायल की मौत हो गई, जबकि दूसरे का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे वाराणसी से गोरखपुर जा रही बलेनो कार रामपुर बन्तरा हाईवे कट के पास पहुंची। इसी दौरान कार सड़क किनारे पहले से खड़ी महिंद्रा पिकअप में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की।
रास्ते में तोड़ा दम
हादसे में घायल गोरखपुर के गोरखनाथ क्षेत्र स्थित द्वारिका पुरी कॉलोनी निवासी राजेश पांडेय (39) की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वहीं, उनके साथ कार में सवार विवेक श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजनों में शोक छा गया।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि हादसा सोमवार रात करीब 10 बजे हुआ। सड़क किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से कार टकराने के कारण दुर्घटना हुई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।