सुल्तानपुर में दर्दनाक हादसा: रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, आमने-सामने हुई भिड़ंत
सुल्तानपुर में लखनऊ-बलिया हाईवे पर परिवहन विभाग की बस और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने थे। हादसा पदारथपुर उपाध्याय गांव के पास हाईवे के मोड़ पर हुआ।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। परिवहन विभाग की बस और बाइक में आमने-सामने की टक्कर हुई। दोनों मृतक कादीपुर क्षेत्र के रहने वाले थे। हादसा लखनऊ-बलिया हाईवे पर कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के पदारथपुर उपाध्याय गांव के पास हुआ।
हाईवे के मोड़ पर बस और बाइक की हुई टक्कर
परिवहन विभाग की बस सुल्तानपुर से कादीपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान पदारथपुर उपाध्याय गांव के पास हाईवे के हल्के मोड़ पर बस और बाइक के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि बाइक सवार दोनों युवकों की जान चली गई।
दीपक और मुकेश के रूप में हुई मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान दौलतपुर निवासी दीपक विश्वकर्मा (21) पुत्र संतोष विश्वकर्मा और मालपुर के चंदौली निवासी मुकेश विश्वकर्मा (27) पुत्र हरखूराम के रूप में हुई है। बताया गया कि हादसे के समय दोनों युवक बाइक पर सवार थे और हेलमेट नहीं पहने थे। इस घटना से दोनों परिवारों में मातम छा गया है।