मनाली में मैराथन के विजेता प्रतिभगी।-संवाद
मनाली। मनाली मैराथन के पहले दिन आयोजित तीन प्रमुख वर्गों की दौड़ के विजेताओं को एसडीएम मनाली गुंजीत सिंह चीमा ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि मनाली मैराथन का उद्देश्य फिटनेस के साथ पर्यटन को बढ़ावा देना है। इस वर्ष आयोजन में स्वच्छता को भी थीम के रूप में शामिल किया गया है। इसके तहत प्लास्टिक की बोतलें और अन्य कचरा एकत्र कर सफाई अभियान में योगदान देने वाले प्रतिभागियों को निशुल्क प्रवेश दिया गया।
रोहतांग दर्रे तक आयोजित 100 किलोमीटर की अल्ट्रा मैराथन में भवानी शाही ने पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने 12 घंटे 13 मिनट में दौड़ पूरी की। विनीत 12 घंटे 54 मिनट के समय के साथ दूसरे और मुकेश यादव 13 घंटे 31 मिनट में दौड़ पूरी कर तीसरे स्थान पर रहे।
42 किलोमीटर की फुल मैराथन में हेत राम ने पहला, दीपक तमंग ने दूसरा और राजीव कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, 21 किलोमीटर की दौड़ के पुरुष वर्ग में अजय ठाकुर पहले, राहुल ठाकुर दूसरे और विपुल तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में नताशा मेहर ने पहला, लोकम छोटी ने दूसरा और हर्षि शुक्ला ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस दौरान विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। मैराथन के माध्यम से प्रतिभागियों ने फिटनेस, खेल भावना और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मनाली में मैराथन के विजेता प्रतिभगी।-संवाद
मनाली में मैराथन के विजेता प्रतिभगी।-संवाद