फाजिलनगर। पटहेरवा थाना क्षेत्र के गांव अशोगवां में रविवार देर शाम चचेरे भाई के ससुराल में युवक की हत्या के आरोप में पुलिस ने दोनों भाइयों और पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सोनू मंसूरी, इसके नाबालिग भाई और पिता इस्लाम को न्यायालय में पेश किया। जहां से सोनू और इस्लाम को जेल और नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
चौराखास थाना क्षेत्र के गांव कस्तूरबा निवासी नवी ने अपने बेटे इंशाद की शादी चार वर्ष पूर्व पटहेरवा थाना क्षेत्र के अशोगवां टोला रनिहवा निवासी इस्लाम की पुत्री मुस्कान से की थी। दोनों के एक बेटा व एक बेटी है।
पुलिस के अनुसार नवी मंसूरी अपने बेटे के ससुराल रविवार की शाम को गया था। वह अपने पोते को दुलार रहा था। तभी नवी मंसूरी के बेटे का साला सोनू आया और पोते को दुलारने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद के बाद सोनू ने नवी मंसूरी को पीट दिया। नवी ने अपने भाई को फोन पर सूचना दी तो वह अपने बेटे इब्राहिम के साथ मौके पर पहुंचे। मारपीट में सिर में चोट लगने से इब्राहिम घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने इब्राहिम की पत्नी सलमा की तहरीर पर सोनू मंसूरी, इसके नाबालिग भाई और पिता इस्लाम को पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपियों को जेल भेज दिया गया। घटना के बाद मुस्कान को रिश्ता टूटने का डर सताने लगा है।
घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है। एक पक्ष ने अपना बेटा खोया तो दूसरे पक्ष के पिता-पुत्र जेल चले गए। बाप और दो भाइयों के जेल जाने के बाद मुस्कान अपने व अपने दो बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित है। उसे डर है कि कहीं ससुराल से उसका नाता न टूट जाए। गांव में शांति व्यवस्था कायम है और मामले की जांच की जा रही है।
इब्राहिम की पत्नी सलमा की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जबकि एक नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है। सीओ जयंत कुमार यादव ने बताया कि तीनों आरोपियों को कोर्ट में पुलिस ने पेश किया। जहां से दो जेल और नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।