कबीरधाम में दिनदहाड़े बड़ी लूट: सोना-चांदी कारोबारी से 30 लाख के गहने और नकदी लेकर फरार हुए बदमाश
बदमाशों ने सोना-चांदी कारोबारी को निशाना बनाकर करीब 30 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया। मोटरसाइकिल सवार अज्ञात आरोपियों ने वेदप्रकाश सोनी और उनके साथी को रोककर 15 किलो चांदी के गहने, सोने के आभूषण और 1.50 लाख रुपये नकद से भरा बैग लूट लिया।
विस्तार
कारोबारी वेदप्रकाश सोनी के अनुसार, बदमाशों ने रास्ते में उनसे गहनों से भरा बैग छीन लिया। पीड़ित कारोबारी के बैग में लगभग 15 किलोग्राम चांदी के गहने, 10 से 15 ग्राम सोने के आभूषण तथा 1.50 लाख रुपये नकद रखे थे। पुलिस ने लूटे गए कुल सामान की कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी है। पीड़ित व्यापारियों ने घटना के तत्काल बाद स्थानीय पुलिस स्टेशन पहुंचकर पूरी वारदात की जानकारी दी।
लूट की सूचना मिलते ही कबीरधाम पुलिस हरकत में आ गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने बदमाशों की त्वरित धरपकड़ के लिए विशेष रणनीति बनाई है। कबीरधाम पुलिस ने साइबर थाना और तीन अन्य थानों की विशेष टीम बनाकर आरोपियों की तलाश में भेजी हैं। वर्तमान में तरेगांव जंगल थाना पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
पुलिस की विशेष टीमें अज्ञात बदमाशों की पहचान करने तथा उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हैं। मामले की जानकारी देते हुए एसडीओपी अखिलेश कौशिक ने बताया कि पुलिस इस घटना के संबंध में लगातार वैधानिक कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस की गठित टीमें आरोपियों का सुराग लगाकर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।