फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Entertainment ›   Bollywood ›   Social Media users review of Ramayana after its World Premiere in America

'पोस्ट क्रेडिट सीन में मिलेगा सरप्राइज': अमेरिकी फैंस ने देखी रामायण, सामने आया फिल्म को लेकर पहला रिएक्शन

Wed, 28 Oct 2026 01:09 PM IST
सिराजुद्दीन एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला
एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला Published by: सिराजुद्दीन Updated Wed, 28 Oct 2026 01:09 PM IST
सार

  • Ramayana First Reviews: अपकमिंग फिल्म 'रामायण' का आज सुबह अमेरिका में वर्ल्ड प्रीमियर हुआ है।
  • कई दर्शकों ने इसके प्रीमियर में हिस्सा लिया है। उन्होंने इसके बारे में सोशल मीडिया पर लिखा है।
  • यूजर्स ने फिल्म की कहानी, कलाकारों के अभिनय और इसके जीएफएक्स के बारे में जानकारी दी है।

विज्ञापन
Social Media users review of Ramayana after its World Premiere in America
रामायण - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

अमेरिका के लॉस एंजिल्स में फिल्म 'रामायण' का वर्ल्ड प्रीमियर हुआ है। इवेंट में कई सितारों के अलावा वह लोग भी पहुंचे, जिन्हें यहां बुलाया गया था। प्रीमियर के बाद फिल्म का पहला रिव्यू सामने आया है। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसके बारे में लिखा है। आइए जानते हैं फिल्म पर यूजर्स ने क्या राय दी है।
विज्ञापन

 
Trending Videos

यूजर ने बताया शानदार सिनेमाई अनुभव
फिल्म 'रामायण' को सबसे शानदार सिनेमाई अनुभव बताते हुए एक एक्स यूजर ने लिखा ''रामायण' कमाल की थी। इसके विजुअल्स, डांस, म्यूजिक और एक्शन, सब कुछ बहुत ही भव्य था। रणबीर कपूर का काम बेहतरीन था और यश का अंदाज बेहद आकर्षक था। यह इस साल के सबसे शानदार सिनेमाई अनुभवों में से एक है। एक भव्य नजारा।'
 
विज्ञापन
विज्ञापन

इससे पहले नहीं देखी ऐसी चीज
एक दूसरे यूजर ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने 'रामायण' पर प्रतिक्रिया दी। वीडियो में उन्होंने कहा, 'दोस्तों, मैं अभी स्क्रीनिंग से बाहर निकला हूं और मुझे समझ नहीं आ रहा कि थिएटर के बाहर अपनी इस प्रतिक्रिया की शुरुआत कैसे करूं। सिनेमा की दुनिया में ऐसी कोई चीज नहीं है, जैसी मैंने अभी देखी है।'

उन्होंने आगे कहा, 'लोग इसे अच्छे या बुरे किसी भी तरह से ले सकते हैं लेकिन 'रामायण' जैसी कोई दूसरी चीज नहीं है। फिल्म के बारे में अपनी राय दूं तो मुझे एक बेहतरीन कहानी चाहिए थी। कुछ ऐसा जो मुझे कुछ बताए और कुछ सिखाए। लोग मुझसे कहते हैं कि 'रामायण' सच्चा इतिहास है, यह भारतीय संस्कृति का हिस्सा है और उनके लिए बहुत मायने रखती है। यह फिल्म बहुत भव्य और महाकाव्य जैसी है। राम का किरदार बहुत अलग है। सच कहूं तो यह किरदार कमाल का है! अंत में सस्पेंस है।'
 
 
विज्ञापन

यूजर को है सीक्वल का इंतजार
एक और यूजर ने फिल्म के बारे में लिखा 'हां 'रामायण' में एक पोस्ट-क्रेडिट सीन है। यह पोस्ट-क्रेडिट सीन उस एक खास किरदार की झलक दिखाता है, जिसका आप सभी को बेसब्री से इंतजार था। आप समझ ही गए होंगे कि मैं किसकी बात कर रहा हूं। 2028 में आने वाले इसके सीक्वल का इंतजार है।' अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म में सनी देओल की झलक दिखी है। इसमें सनी देओल हनुमान का किरदार निभा रहे हैं।
 

फिल्म में मूल भाव कायम है
एक यूजर ने लिखा 'हाल के समय की बेहतरीन फिल्मों में से एक। इस फिल्म की सबसे प्रभावशाली बात इसके निर्माताओं का इरादा था। वे फिल्म के मूल भाव पर पूरी तरह कायम रहे। इसके अलावा, भावनाएं, संगीत और VFX, सब कुछ विश्व स्तरीय है। पार्ट 2 का बेसब्री से इंतजार है।'



भव्यता पर ज्यादा दिया गया जोर
एक और यूजर ने फिल्म को लेकर लिखा 'यह एक बहुत ही महत्वाकांक्षी फिल्म है जिसे बड़े पैमाने पर बनाया गया है। इसके पीछे की मेहनत साफ नजर आती है। फिल्म की टीम काफी हद तक रामायण के मूल कथानक पर टिकी रहती है, मगर इसमें ड्रामा और भावनाओं के बजाय भव्यता और एक्शन पर ज्यादा जोर दिया गया है। इस वजह से कहानी के कुछ हिस्से फीके लगते हैं और कभी-कभी तो किसी टीवी सीरियल जैसे महसूस होते हैं। फिल्म का दूसरा भाग भी कहीं-कहीं काफी खिंचा हुआ लगता है, जिसकी एक वजह यह है कि पहला भाग कहां खत्म होता है। यहां कम कंटेंट को लंबे-लंबे एक्शन दृश्यों के जरिए खींचने की कोशिश की गई है, जिनका कोई खास असर नहीं पड़ता।

कैसा है रणबीर, यश और साई का काम?
रावण के रूप में यश फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण हैं और उन्होंने शानदार काम किया है, खासकर अपने परिचय वाले दृश्यों में। राम और सीता के किरदार में रणबीर कपूर और साई पल्लवी ने अच्छा काम किया है, हालांकि उनके किरदारों में जो गहराई होनी चाहिए, वह हमेशा पूरी तरह से पर्दे पर नहीं उभर पाती।

कैसे हैं फिल्म के दृश्य?
फिल्म के दृश्य कहीं-कहीं बहुत शानदार हैं और इसमें किया गया भारी निवेश साफ दिखता है। मगर कुछ दृश्यों में साफ पता चलता है कि इन्हें स्टूडियो या ग्रीन स्क्रीन पर शूट किया गया है। कुछ असुर तो बिल्कुल कार्टून जैसे लगते हैं। फिल्म की सबसे बड़ी कमी इसका संगीत है। रामायण जैसी कहानी में संगीत के जरिए भावनाओं को गहराई से पेश किया जाना चाहिए था मगर यहां भारतीय और हॉलीवुड संगीत का जो मिश्रण तैयार किया गया है, वह ज्यादातर जगहों पर बेअसर साबित होता है। कुछ गिने-चुने दृश्यों को छोड़कर, संगीत न तो पूरी तरह भारतीय लगता है और न ही हॉलीवुड जैसा।

क्या दर्शकों की उम्मीदों पर उतरी खरी?
फिल्म के बड़े पैमाने की तारीफ होनी चाहिए। यह निश्चित रूप से देखी जा सकती है। हाल के दिनों में बनी कुछ फिल्मों से बेहतर है। मगर यह दर्शकों की उम्मीदों पर पूरी तरह खरी नहीं उतरती। कुल मिलाकर यह एक मिली-जुली फिल्म है, जिसमें और भी बेहतर होने की काफी गुंजाइश थी।
 
 

Social Media users review of Ramayana after its World Premiere in America
रामायण फिल्म - फोटो : इंस्टाग्राम
कितनी भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म?
  • नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म 'रामायण', 'प्राइम फोकस स्टूडियो' और यश के 'मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स' के तहत बनी है।
  • इसमें रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी के अलावा सनी देओल, रवि दुबे, अनुपम खेर, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय हैं। 
  • 'रामायण: पार्ट वन' 5 नवंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में पांच भाषाओं- हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम  में रिलीज होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें मनोरंजन समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। मनोरंजन जगत की अन्य खबरें जैसे बॉलीवुड न्यूज़, लाइव टीवी न्यूज़, लेटेस्ट हॉलीवुड न्यूज़ और मूवी रिव्यु आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed