कनेक्टिविटी प्रभावित: विंटर सीजन से पहले शिमला-दिल्ली-धर्मशाला हवाई रूट पर बुकिंग बंद
कुल्लू के भुंतर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए आठ नवंबर तक सप्ताह में केवल दो दिन उड़ानों की बुकिंग का विकल्प दिखाई दे रहा है। इससे हवाई सफर की योजना बना रहे यात्रियों और पर्यटकों की परेशानी बढ़ गई है।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
त्योहारी सीजन और विंटर पर्यटन सीजन की शुरुआत से पहले हिमाचल की हवाई कनेक्टिविटी प्रभावित हो गई है। एलायंस एयर के ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल पर दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला रूट के लिए नवंबर के पूरे महीने के लिए टिकट उपलब्ध नहीं हैं। वहीं, कुल्लू के भुंतर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए आठ नवंबर तक सप्ताह में केवल दो दिन उड़ानों की बुकिंग का विकल्प दिखाई दे रहा है। इससे हवाई सफर की योजना बना रहे यात्रियों और पर्यटकों की परेशानी बढ़ गई है। हालांकि, एलायंस एयर के प्रतिनिधि का कहना है कि विंटर शेड्यूल जारी होने की प्रक्रिया के चलते फिलहाल सेवाओं पर अस्थायी असर पड़ा है।
दिल्ली से शिमला के जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट के बीच सफर करने वाले यात्रियों को नवंबर के पूरे महीने में ऑनलाइन टिकट बुकिंग नहीं मिल रही है। एलायंस एयर के पोर्टल पर दिल्ली-शिमला और शिमला- धर्मशाला रूट के लिए देयर इज नो एक्टिव शेड्यूल का संदेश दिखाई दे रहा है। इस अवधि में टिकट बुक करने का विकल्प उपलब्ध नहीं है। एलायंस एयर के प्रतिनिधि ने बताया कि विंटर शेड्यूल जारी होने के चलते फिलहाल कुछ सेवाओं के संचालन और बुकिंग पर असर पड़ा है। अक्तूबर में भी शिमला एयरपोर्ट पर कई दिन उड़ानें रद्द रहने की स्थिति सामने आई थी।
अक्तूबर 2026 के उपलब्ध आधिकारिक परिचालन आंकड़ों के अनुसार 11, 14, 15 और 17 अक्तूबर को दिल्ली-शिमला-दिल्ली और शिमला-धर्मशाला-शिमला रूट की उड़ानें प्री-कैंसल दर्ज की गईं। 19 और 27 अक्तूबर को पूरे दिन कोई उड़ान संचालित नहीं हुई। धर्मशाला रूट पर 21, 23, 25 और 29 अक्तूबर को भी उड़ानें रद्द होने की जानकारी दर्ज है। कुछ उड़ानों में यात्रियों की संख्या एक, तीन, छह और नौ तक रही, जबकि दिल्ली रूट पर कुछ दिनों में यह संख्या 11 से 24 के बीच दर्ज की गई। उधर, कुल्लू-मनाली के भुंतर एयरपोर्ट पर भी उपलब्ध शेड्यूल सीमित दिखाई दे रहा है।
ऑनलाइन वेबसाइट पर सिर्फ 8 नवंबर तक की उड़ानें दिख रही है। इससे कुल्लू-मनाली आने वाले पर्यटकों को भी अपनी यात्रा की योजना बनाने में परेशानी हो सकती है। शिमला एयरपोर्ट के निदेशक सतीश कुमार ने बताया कि हवाई सेवाओं के प्रभावित होने के संबंध में एलायंस एयर की ओर से ऑपरेशनल कारण बताए जा रहे हैं। यात्रियों को असुविधा न हो, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। भुंतर एयरपोर्ट के निदेशक नरेंद्र कुमार ने बताया कि एयरपोर्ट पर संचालित और प्रभावित हो रही उड़ानों की जानकारी एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया को नियमित रूप से दी जा रही है।
त्योहारी और विंटर पर्यटन सीजन में हवाई सेवाओं का नियमित संचालन पर्यटन कारोबार के लिए महत्वपूर्ण है। पर्यटक पहले से टिकट बुक कर यात्रा की योजना बनाते हैं। ऐसे में बुकिंग पोर्टल पर कई दिनों तक टिकट उपलब्ध नहीं होने और उड़ानों के शेड्यूल में अनिश्चितता से उनकी योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। होटल कारोबारियों का कहना है कि हवाई सेवाओं का शेड्यूल स्पष्ट और नियमित रहना चाहिए, जिससे पर्यटकों को परेशानी न हो। - देवेंद्र वर्मा, चेयरमैन, फेडरेशन ऑफ हिमाचल होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन