आरपीएससी: पांच विषयों की मॉडल आंसर की जारी, 10 नवंबर रात 12 बजे तक दर्ज कराएं आपत्ति
राजस्थान लोक सेवा आयोग ने सहायक निदेशक एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी भर्ती परीक्षा-2025 के पांच विषयों की मॉडल उत्तर कुंजी जारी कर दी है। अभ्यर्थी 10 नवंबर की रात 12 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
विस्तार
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने सहायक निदेशक एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी भर्ती परीक्षा-2025 के पांच विषयों की मॉडल उत्तर कुंजी जारी कर दी है। आयोग ने अभ्यर्थियों से उत्तर कुंजी पर ऑनलाइन आपत्तियां मांगी हैं। अभ्यर्थी 10 नवंबर की रात 12 बजे तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद आपत्ति दर्ज कराने का लिंक निष्क्रिय हो जाएगा।
इन पांच विषयों की मॉडल उत्तर कुंजी जारी
आयोग के मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि पांच विषयों की मॉडल उत्तर कुंजी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। इनमें सहायक निदेशक (डीएनए डिवीजन) और वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी के केमिस्ट्री, नारकोटिक्स डिवीजन, फिजिक्स तथा टॉक्सिकोलॉजी डिवीजन के विषय शामिल हैं।
अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध मॉडल प्रश्न-पत्र के क्रम के अनुसार ही आपत्तियां दर्ज करानी होंगी। प्रत्येक आपत्ति के समर्थन में प्रामाणिक पुस्तकों के साक्ष्य ऑनलाइन संलग्न करना अनिवार्य है। आवश्यक प्रमाण नहीं देने पर आयोग आपत्ति पर विचार नहीं करेगा। साथ ही, केवल संबंधित परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी ही आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। किसी अन्य व्यक्ति की ओर से भेजी गई आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रति प्रश्न 100 रुपये देना होगा शुल्क
आयोग ने प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया है। इसके अतिरिक्त सेवा शुल्क भी देना होगा। अभ्यर्थियों को एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन करने के बाद रिक्रूटमेंट पोर्टल पर जाना होगा। यहां उपलब्ध 'क्वेश्चन ऑब्जेक्शन' लिंक के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
शुल्क का भुगतान ई-मित्र कियोस्क या रिक्रूटमेंट पोर्टल पर उपलब्ध पेमेंट गेटवे से किया जा सकेगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आपत्ति शुल्क वापस नहीं किया जाएगा। बिना निर्धारित शुल्क के आपत्तियां स्वीकार नहीं होंगी। अभ्यर्थी केवल एक बार ही ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। डाक, ई-मेल या किसी अन्य माध्यम से भेजी गई आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
तकनीकी समस्या पर इन नंबरों पर करें संपर्क
ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने के दौरान तकनीकी परेशानी आने पर अभ्यर्थी आयोग की हेल्पडेस्क से सहायता ले सकते हैं। इसके लिए ई-मेल आईडी recruitmenthelpdesk@rajasthan.gov.in जारी की गई है। अभ्यर्थी हेल्पडेस्क के फोन नंबर 9352323625 और 7340557555 पर भी संपर्क कर सकते हैं। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम समय की तकनीकी परेशानी से बचने के लिए 10 नवंबर की रात 12 बजे से पहले आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कर लें।