बरेली: मंदिर जा रही किशोरी को युवक ने पकड़ा, कमरे में बंधक बनाकर किया दुष्कर्म, रिपोर्ट दर्ज
बरेली के शाही थाना क्षेत्र में एक किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने गांव के ही युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
बरेली के शाही थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के युवक ने किशोरी को रास्ते से पकड़कर बंधक बनाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के परिजनों ने बताया कि बुधवार सुबह करीब आठ बजे किशोरी मंदिर में पूजा करने जा रही थी। इसी दौरान गांव के युवक मुकेश ने उसे रास्ते में रोक लिया। मुकेश किशोरी को जबरन अपने घेर में ले गया। आरोप है कि वहां उसने किशोरी को एक कमरे में बंद कर दिया। युवक ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर पीटा। इसके बाद आरोपी कमरे को बाहर से कुंडी लगाकर भाग गया। किशोरी के शोर मचाने पर पड़ोस में रहने वाले उसके मामा और मामी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कुंडी खोलकर किशोरी को बाहर निकाला।
किशोरी की मां ने दी तहरीर
किशोरी को बाहर निकालने के बाद परिजनों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शुरुआती जांच-पड़ताल की। इसके बाद पीड़िता की मां शाही थाने पहुंचीं। उन्होंने आरोपी मुकेश के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा।
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पीड़ित किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। सीओ ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।