मेरठ में प्रेमिका की हत्या: जंगल में मिला 25 वर्षीय युवती का शव; आरोपी प्रेमी फरार, सामने आई ये वजह
मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में बिजली बंबा बाईपास के पास जंगल में 25 वर्षीय समरीन का शव मिला। पुलिस के अनुसार प्रेमी फिरोज पर हत्या का आरोप है।
विस्तार
मेरठ में प्रेम प्रसंग से जुड़ा हत्या का मामला सामने आया है। गुरुवार को परतापुर थाना क्षेत्र में बिजली बंबा बाईपास स्थित प्रेम हॉस्पिटल के पास जंगल में 25 वर्षीय युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवती की पहचान समरीन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके प्रेमी फिरोज ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। दोनों लिसाड़ी गेट क्षेत्र की गड्ढे वाली मस्जिद के रहने वाले थे।
यह भी पढ़ें: प्रदूषण से नहीं राहत: दिवाली से पहले ही मेरठ की हवा खतरनाक, शताब्दीनगर में एक्यूआई 439; घरों में रहने की सलाह
शादी कहीं और तय होने से नाराज था आरोपी
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि फिरोज और समरीन के बीच करीब छह साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि वह समरीन को बिजली बंबा बाईपास पर प्रेम हॉस्पिटल के पास जंगल में ले गया और वहां गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
जंगल में मिला युवती का शव
जंगल में युवती का शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही परतापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों को दी गई सूचना, आरोपी पर कार्रवाई
युवती की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस आरोपी फिरोज के खिलाफ कार्रवाई में जुटी है।